
(सनातन हिन्दू एकता यात्रा का जगह-जगह स्वागत; विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने क्षेत्रवासियों के प्रति जताया आभार)
सागर/14.10.2026; बागेश्वर धाम सरकार के पीठाधीश्वर पूज्य आचार्य श्री धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जी की सनातन हिन्दू एकता यात्रा का बुधवार को नरयावली विधानसभा क्षेत्र में श्रद्धा, पुष्पवर्षा और व्यापक जनसहभागिता के साथ स्वागत-अभिनंदन किया गया। यात्रा के मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं, धर्मप्रेमियों और नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर पूज्य आचार्य श्री का नमन किया। मुख्य मार्गों पर उमड़ी सहभागिता से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा। विधायक इंजी. प्रदीप लारिया यात्रा के निर्धारित पड़ावों पर उपस्थित रहकर स्वागत में सहभागी रहे।
यात्रा का क्रम शनि मंदिर, सदर से प्रारंभ होकर परेड मंदिर, आनंदनगर, रजाखेड़ी, मकरोनिया चौराहा, श्री दिनेश दक्ष, रचना मेडिकल, होटल पैराडाइज, बहेरिया चौराहा और केरबना तक रहा। प्रत्येक पड़ाव पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा, अभिनंदन और जयघोष के साथ पूज्य आचार्य श्री का स्वागत किया। इसके पश्चात कर्रापुर में आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जी का भव्य स्वागत और अभिनंदन किया गया।
पूरे मार्ग में नागरिकों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने आयोजन को विशेष बना दिया। विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने यात्रा के स्वागत में बड़ी संख्या में शामिल हुए क्षेत्रवासियों, श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पूज्य आचार्य श्री के प्रति लोगों की श्रद्धा और सहभागिता सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता तथा आपसी सद्भाव के प्रति उनके जुड़ाव को अभिव्यक्त करती है। उन्होंने सभी के सहयोग के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि नरयावली क्षेत्र की जनता ने आत्मीय स्वागत और अतिथि-सत्कार की अपनी परंपरा को गरिमापूर्ण ढंग से प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, मातृशक्ति, श्रद्धालु, धर्मप्रेमी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।







