
(सागर एवं राहतगढ़ विकासखंड के गांवों को मिलेगा लाभ, नहर एवं पाइपलाइन विस्तार के कार्य शीघ्र शुरू होने की संभावना)
सागर/23.10.2026 नरयावली विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने शुक्रवार को विभागीय अधिकारियों के साथ बंडा सिंचाई परियोजना की समीक्षा बैठक कर परियोजना की प्रगति एवं आगामी कार्ययोजना की जानकारी प्राप्त की। बैठक में परियोजना के शेष कार्यों, नहर एवं पाइपलाइन विस्तार तथा नरयावली विधानसभा क्षेत्र के चिह्नित गांवों तक सिंचाई सुविधा पहुंचाने के संबंध में चर्चा की गई।
अधिकारियों ने अवगत कराया कि परियोजना अंतिम चरण में है तथा नहरों एवं पाइपलाइन विस्तार का कार्य शीघ्र शुरू होने की संभावना है। विधायक श्री लारिया ने शेष कार्यों को समयबद्ध रूप से आगे बढ़ाने, विभागीय समन्वय बनाए रखने तथा निर्धारित गांवों तक सिंचाई सुविधा पहुंचाने पर विशेष ध्यान देने की बात कही।
बंडा सिंचाई परियोजना से नरयावली विधानसभा क्षेत्र के सागर विकासखंड के 8 एवं राहतगढ़ विकासखंड के 4 गांवों की कुल 5,246.64 हेक्टेयर (लगभग 12,965 एकड़) कृषि भूमि सिंचित होगी।
सागर विकासखंड के ग्राम धारखेड़ी में 280.14, गोरा में 286.81, कर्रापुर में 251.85, सिमरिया में 429.17, सानोधा में 1,032.67, अमोदा में 208.29, तिंसुआ में 198.97 तथा पड़रिया में 843.07 हेक्टेयर भूमि सिंचाई सुविधा से लाभान्वित होगी। इन आठ गांवों में कुल 3,530.97 हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी।
इसी प्रकार राहतगढ़ विकासखंड के ग्राम जेरवारा में 543.11, खेजरा दुगाहा में 385.34, मेहर में 508.35 तथा सुनेटी में 278.87 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई का लाभ मिलेगा। इन चार गांवों का कुल सिंचित क्षेत्र 1,715.67 हेक्टेयर है।
उल्लेखनीय है कि विधायक इंजी. प्रदीप लारिया की पहल पर नरयावली विधानसभा क्षेत्र के उक्त गांवों को परियोजना में शामिल किया गया था। परियोजना से क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होगा तथा किसानों को कृषि उत्पादन बढ़ाने के बेहतर अवसर मिलने की उम्मीद है।
बैठक में अनिरुद्ध आनंद, कार्यपालन अभियंता, पीआईयू बंडा परियोजना, एसडीओ, इंजीनियर्स एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।








