जैतपुर पिपरिया और चिरचिटा रोड पर पुलिस की दबिश, 25 कार्टून में भरे पटाखे और विस्फोटक सामग्री बरामद, दो अलग-अलग मामले दर्ज
सागर। दीपावली पर्व से पहले अवैध पटाखों के भंडारण और कारोबार के खिलाफ सागर पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी कड़ी में देवरी पुलिस ने थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर करीब 3 लाख 67 हजार 600 रुपये कीमत के अवैध पटाखे एवं विस्फोटक सामग्री जब्त की है। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध पटाखा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस अधीक्षक संजीव सिंहा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया एवं नरेंद्र सोलंकी के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी देवरी अरुण उइके के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
जैतपुर पिपरिया में पहली कार्रवाई
देवरी पुलिस ने ग्राम जैतपुर पिपरिया में विमल जैन के यहां दबिश देकर अवैध रूप से भंडारित करीब 14 हजार 900 रुपये कीमत के पटाखे जब्त किए। इस मामले में आरोपी के विरुद्ध थाना देवरी में अपराध क्रमांक 457/26 दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
चिरचिटा रोड पर किराये के मकान में मिला पटाखों का जखीरा
दूसरी कार्रवाई में पुलिस को चिरचिटा रोड नहर के पास स्थित खेत में बने एक मकान से भारी मात्रा में पटाखे एवं विस्फोटक सामग्री मिली। पुलिस के अनुसार जवाहर वार्ड निवासी अमित कुमार विश्वकर्मा (33) ने यह मकान रामगोपाल बडेरिया से किराये पर लिया था और उसमें अवैध रूप से पटाखों का भंडारण कर रखा था।
पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर 25 कार्टून पटाखे एवं बम सहित करीब 3 लाख 52 हजार 700 रुपये कीमत की सामग्री जब्त की। इस मामले में आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 458/26, धारा 9(ख) विस्फोटक अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
दो कार्रवाई में 3.67 लाख की सामग्री जब्त
देवरी पुलिस ने दोनों स्थानों से कुल 3 लाख 67 हजार 600 रुपये कीमत के अवैध पटाखे एवं विस्फोटक सामग्री जब्त की है। पुलिस का कहना है कि दीपावली के दौरान आमजन की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
पुलिस ने आमजन से की अपील
सागर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि पटाखे केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही खरीदें। घरों, दुकानों और घनी आबादी वाले क्षेत्रों में विस्फोटक सामग्री का अवैध भंडारण न करें। किसी भी स्थान पर अवैध पटाखों के भंडारण या बिक्री की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बिना वैध अनुमति पटाखों का भंडारण, परिवहन और विक्रय करने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षित दीपावली, खुशहाल दीपावली। आमजन की सुरक्षा के लिए सागर पुलिस का अभियान जारी है।







