बीना में मां-बेटी को पेट्रोल डालकर जलाने की वारदात का खुलासा, रिश्ते की देवरानी गिरफ्तार

SHARE:

पारिवारिक रंजिश में दिया वारदात को अंजाम, उपचार के दौरान एक महिला की मौत, दूसरी की हालत गंभीर; हत्या की धारा बढ़ाई गई

सागर/बीना। बीना थाना क्षेत्र के ग्राम गोदना में मां-बेटी पर पेट्रोल डालकर आग लगाने की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने 28 वर्षीय आरोपी महिला काजल गोस्वामी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई स्टील की डोलची, ढक्कन, कपड़े, जूते और माचिस सहित महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए हैं। घटना में गंभीर रूप से झुलसी 35 वर्षीय महिला गिरजा की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि उसकी नाबालिग बेटी का भोपाल के हमीदिया अस्पताल में उपचार जारी है।

पुलिस के अनुसार, घटना 2 नवंबर 2026 की शाम करीब 7:30 बजे की है। ग्राम गोदना में आरोपी महिला काजल गोस्वामी पेट्रोल से भरी स्टील की डोलची लेकर पीड़िता के घर पहुंची। वहां पुरानी पारिवारिक रंजिश को लेकर विवाद हुआ और आरोपी ने मां-बेटी पर पेट्रोल डालकर माचिस से आग लगा दी। वारदात के बाद वह मौके से फरार हो गई। परिजनों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए रेफर किया गया।

पति और पीड़िता के कथित संबंधों को लेकर थी रंजिश

घायल नाबालिग बालिका द्वारा हमीदिया अस्पताल भोपाल में दर्ज कराई गई रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी काजल को अपने पति आकाश और पीड़िता गिरजा के बीच कथित मैत्री संबंधों को लेकर रंजिश थी। इसी के चलते उसने वारदात की योजना बनाई।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने घटना से एक दिन पहले अपनी स्कूटी से पेट्रोल निकालकर रख लिया था। घटना वाले दिन वह सीसीटीवी कैमरों से बचने के लिए घर के पीछे के रास्ते से पीड़िता के घर पहुंची और मां-बेटी पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इसके बाद डोलची मौके पर छोड़कर दीवार पार करते हुए अपने घर के पिछले दरवाजे से निकल गई।

सीसीटीवी फुटेज और पैरों के निशान से मिला सुराग

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। घर में प्रवेश के रास्ते पर पैरों के निशान मिले। वहीं, गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में आरोपी महिला घटना के समय पीड़िताओं के घर की ओर जाती दिखाई दी। दोनों पीड़िताओं के कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष मरणासन्न कथन भी दर्ज कराए गए, जिनमें आरोपी द्वारा पेट्रोल डालकर आग लगाने की बात सामने आई।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में उसने पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ करने पर वारदात करना स्वीकार किया।

कपड़े, जूते और माचिस सहित साक्ष्य जब्त

आरोपी ने पूछताछ में बताया कि घटना के समय पहने हुए कपड़े उसने निकालकर पन्नी में रखे थे और स्कूटी से किर्रवदा बायपास के पास फेंक दिए थे। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त स्टील की डोलची, उसका ढक्कन, पहने हुए कपड़े, जूते और माचिस जब्त की है। इसके अलावा घटनास्थल से पीड़िताओं के अधजले कपड़े और अधजला मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।

एक महिला की मौत, हत्या की धारा बढ़ाई

पुलिस के अनुसार, आरोपी काजल गोस्वामी पति आकाश दांगी, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम गोदना को गिरफ्तार कर मेडिकल परीक्षण के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

घटना में गंभीर रूप से झुलसी गिरजा (35) की बीएमसी सागर में उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं, दूसरी पीड़िता का हमीदिया अस्पताल भोपाल में इलाज जारी है। पहले इस मामले में अपराध क्रमांक 615/26 के तहत धारा 109(1) बीएनएस में हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज किया गया था। महिला की मौत के बाद अब प्रकरण में धारा 103(1) बीएनएस के तहत हत्या की धारा बढ़ाई जा रही है।

पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका

पुलिस अधीक्षक संजीव सिंहा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया एवं एसडीओपी बीना अजय सनकत के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई।

इस पूरे मामले का खुलासा करने में थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप यादव, उप निरीक्षक लखन राज, कस्तूरी अहिरवार, निशांत भगत, एएसआई प्रीति थापा सहित बीना थाने के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

भारत न्यूज़ 24 Live.com

संपादकीय नोट: खबर में पुलिस के दावों और जांच में सामने आए तथ्यों को पुलिस के हवाले से प्रस्तुत किया गया है। आरोपों को न्यायालय में सिद्ध होना शेष है।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें