देवरीकलां। दीपावली पर्व को दृष्टिगत रखते हुए नगर में पटाखा दुकानों के व्यवस्थित एवं सुरक्षित संचालन की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसी क्रम में मुख्य नगर पालिका अधिकारी मनोहर विंझवार ने देवरी के झुनकु वार्ड स्थित रेन बसेरा परिसर में निर्धारित पटाखा दुकान स्थल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने पटाखा दुकान स्थल पर की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि पटाखा दुकानों का संचालन निर्धारित स्थल पर ही हो तथा सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए।
इस दौरान उन्होंने सभी पटाखा दुकानदारों को अनिवार्य रूप से पटाखा विक्रय का वैध लाइसेंस प्राप्त कर ही व्यवसाय करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना लाइसेंस पटाखों का विक्रय न किया जाए तथा शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने स्थल पर साफ-सफाई, पर्याप्त आवागमन व्यवस्था, अग्नि सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम एवं दुकानदारों की सुविधाओं को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए, ताकि दीपावली के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था या अप्रिय घटना की स्थिति निर्मित न हो।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने संबंधित अमले को निर्देशित किया कि पटाखा दुकान स्थल पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं। नगर पालिका परिषद द्वारा दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।







