
अनुकंपा नियुक्ति और वेतन निर्धारण के लंबित प्रकरणों का शीघ्र करें निराकरण, सीएम हेल्पलाइन की पेंडेंसी शून्य करने के निर्देश
सागर, 10 नवंबर 2026।
सागर संभाग में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने, मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने और कुपोषण की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण के लिए कमिश्नर दिलीप कुमार ने अधिकारियों को गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए हैं। संभागीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने स्पष्ट कहा कि संभाग के सभी पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) अपनी पूर्ण क्षमता के साथ संचालित होने चाहिए और कोई भी केंद्र खाली नहीं रहना चाहिए।
बैठक में स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, सामाजिक न्याय, कोष एवं लेखा सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं और कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।
बीएमसी में स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर बनाने के निर्देश
कमिश्नर ने बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) सागर में बायो मेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट, सीवेज और खुली नालियों की सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दवा वितरण काउंटर से मरीजों को समय पर दवाएं उपलब्ध कराई जाएं। बीएमसी में स्वीकृत यूजी-पीजी सीटों, स्वास्थ्य उपकरणों और कैंसर मरीजों के उपचार की जानकारी भी ली।
उन्होंने परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों को समय-सीमा में पूरा करने तथा क्रिटिकल केयर यूनिट के अंतर्गत निर्माणाधीन ऑपरेशन थिएटर का कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने, रक्तदान शिविर आयोजित करने, परिसर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और सीसीटीवी कैमरे लगाने पर जोर दिया।
मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने पर जोर
कमिश्नर ने मातृ मृत्यु और शिशु मृत्यु दर कम करने के लिए प्रभावी कार्ययोजना के साथ काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने गर्भवती महिलाओं का शत-प्रतिशत एएनसी परीक्षण कराने, एचबीएनसी सुनिश्चित करने तथा महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया। एनीमिया की रोकथाम, एनीमिया टेस्ट, हाईरिस्क प्रेगनेंसी वाली महिलाओं की पहचान और उनके नियमित स्वास्थ्य परीक्षण की भी समीक्षा की। उन्होंने ट्रांजिट डेथ कम करने के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए।
एनआरसी में भर्ती कराएं कुपोषित बच्चे
पोषण पुनर्वास केंद्रों की जिलेवार समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने कहा कि सभी एनआरसी पूर्ण क्षमता के साथ संचालित हों। चिन्हित कुपोषित बच्चों को केंद्रों में भर्ती कराने तथा भर्ती योग्य बच्चों की जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्य में लापरवाही बरतने वाले एनआरसी कर्मचारियों पर कार्रवाई करने की बात कही। इसके साथ ही पोषण किट वितरण, टीबी मरीजों की संख्या, उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं और उपचार की स्थिति की समीक्षा की। टीबी मरीजों का पूरा उपचार सुनिश्चित कराने तथा स्क्रीनिंग कैंप आयोजित करने के निर्देश भी दिए।
आंगनबाड़ी भवनों का निर्माण शीघ्र पूरा करें
महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान जिलेवार निर्माणाधीन और अधूरे आंगनबाड़ी भवनों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। पोषण आहार, टीएचआर वितरण, एसएएम-एमएएम बच्चों की स्थिति, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और मुख्यमंत्री बाल आरोग्य संवर्धन कार्यक्रम की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
अपंजीकृत वृद्धाश्रम और नशामुक्ति केंद्रों का होगा पंजीकरण
सामाजिक न्याय विभाग की समीक्षा में कमिश्नर ने संभाग के शासकीय एवं अशासकीय वृद्धाश्रम, अनाथाश्रम और नशामुक्ति केंद्रों की जिलेवार सूची तैयार करने तथा अपंजीकृत केंद्रों का पंजीकरण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने नशामुक्ति अभियान संचालित करने के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाने को भी कहा।
लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश
कमिश्नर ने पेंशन शिविरों में निराकृत प्रकरणों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि अनुकंपा नियुक्ति के मामले लंबित नहीं रहने चाहिए। वेतन निर्धारण के लंबित प्रकरणों का भी शीघ्र निराकरण किया जाए। इसके साथ ही सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की समीक्षा करते हुए लंबित शिकायतों की संख्या शून्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य सेवाएं सागर संभाग, अधिष्ठाता बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज सागर, संयुक्त संचालक योजना एवं आर्थिक सांख्यिकी, संयुक्त संचालक कोष एवं लेखा तथा पेंशन, संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय, संयुक्त संचालक महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागों के संभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।







