सागर। पुलिस की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता का एक सराहनीय उदाहरण खुरई में देखने को मिला, जहां देर रात सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़े एक बुजुर्ग को डायल-112 के जवानों ने तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उपचार उपलब्ध कराया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 17 नवंबर 2026 की रात करीब 12:45 बजे राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल को सूचना मिली कि थाना खुरई शहर क्षेत्र में सिविल कोर्ट के पास एक बुजुर्ग व्यक्ति घायल अवस्था में सड़क किनारे पड़े हैं। उन्हें तत्काल पुलिस सहायता और चिकित्सा सुविधा की आवश्यकता है।
सूचना मिलते ही डायल-112 कंट्रोल रूम सागर ने तत्परता दिखाते हुए खुरई शहर में तैनात एफआरव्ही वाहन को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया। मौके पर पहुंचे आरक्षक अमर वर्मा एवं एफआरव्ही पायलट सौरभ दुबे ने बिना देर किए घायल बुजुर्ग को वाहन से सिविल अस्पताल खुरई पहुंचाया और अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल बुजुर्ग का उपचार जारी है।
इस पूरी कार्रवाई के दौरान डायल-112 कंट्रोल रूम सागर द्वारा लगातार समन्वय और मॉनिटरिंग की गई। पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया के चलते देर रात घायल अवस्था में मिले बुजुर्ग को समय पर चिकित्सा सहायता मिल सकी।
सागर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में तत्काल डायल-112 पर सूचना दें, ताकि जरूरतमंदों को समय पर पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
सागर पुलिस – आपकी सुरक्षा, हमारा संकल्प।







