ई-विकास पोर्टल पर जायद 2025-26 हेतु उर्वरक टोकन बुकिंग शुरू

ई-विकास पोर्टल पर जायद 2025-26 हेतु उर्वरक टोकन बुकिंग शुरू

भोपाल (कृषक जगत) किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग ने जायद फसल वर्ष 2025-26 के लिए उर्वरक टोकन बुकिंग की सुविधा ई-विकास पोर्टल पर प्रारंभ कर दी है। विभाग ने सभी कृषकों से समय रहते अपनी आवश्यकता के अनुसार उर्वरक टोकन बुक करने की अपील की है, ताकि आगामी सीजन में उर्वरक वितरण सुचारु रूप से सुनिश्चित हो सके।
जारी सूचना के अनुसार जायद 2025-26 फसल हेतु टोकन बुकिंग के उपरांत रबी 2025-26 के लिए उर्वरक टोकन बुकिंग की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी। ऐसे में जिन कृषकों को रबी 2025-26 फसल के लिए उर्वरक की आवश्यकता है, उन्हें पहले रबी फसल हेतु टोकन प्रक्रिया पूर्ण करना अनिवार्य रहेगा। इसके बाद ही वे जायद 2025-26 फसल के लिए टोकन बुक कर सकेंगे।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि उर्वरक वितरण को पारदर्शी और आवश्यकता आधारित बनाने के लिए यह व्यवस्था लागू की गई है। नई प्रणाली के तहत किसानों की भूमि अभिलेख जानकारी एवं मौसमानुसार फसल पैटर्न के आधार पर उर्वरक वितरण का प्रबंधन किया जाएगा। इससे असमान वितरण, निगरानी की कमी एवं समय पर उपलब्धता जैसी समस्याओं में कमी आने की उम्मीद है।
किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग ने किसानों से आग्रह किया है कि वे ई-विकास पोर्टल के माध्यम से शीघ्र टोकन बुकिंग कर निर्धारित समय पर उर्वरक प्राप्त करने की प्रक्रिया सुनिश्चित करें।

Leave a Comment

Read More