
सागर की बेटी शिवानी महोबिया की संदिग्ध मौत, दहेज प्रताड़ना के आरोप; परिजनों ने आईजी को सौंपा ज्ञापन
सागर। सागर की बेटी शिवानी महोबिया की दमोह में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने पूरे शहर को स्तब्ध कर दिया है। जानकारी के अनुसार बीती 13 फरवरी को शिवानी ने दमोह जिले में अपने ससुराल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद मृतिका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
मृतिका के पिता अशोक महोबिया ने बताया कि उनकी बेटी की शादी करीब 14 माह पूर्व दमोह जिले में हुई थी। शादी के शुरुआती कुछ महीनों तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन इसके बाद ससुराल पक्ष द्वारा दहेज की मांग शुरू कर दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि शिवानी का पति शादी से पहले कोरबा की एक निजी कंपनी में कार्यरत था, लेकिन विवाह के कुछ समय बाद ही नौकरी छोड़कर दमोह आ गया। इसके बाद परिवार के लोग उसे व्यापार शुरू कराने के नाम पर मायके पक्ष से पैसों की मांग करने लगे।
परिजनों का कहना है कि मांग पूरी नहीं होने पर शिवानी को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया। घटना की जानकारी मिलते ही मायके पक्ष में शोक और आक्रोश का माहौल है।
मृतिका के परिजनों ने ससुराल पक्ष के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए सागर रेंज की आईजी हिमानी खन्ना को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में सराफा व्यापारी एवं सोनी समाज के लोग उपस्थित रहे और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
परिजनों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि शिवानी को न्याय मिल सके। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।











