
खटीक समाज के आराध्य श्री खटवांग महाराज मंगल भवन का लोकार्पण संपन्न, विधायक शैलेंद्र जैन ने बताया — सभी 48 वार्डों में बन रहे सामुदायिक भवन
सागर।धर्मश्री डॉ. भीमराव अंबेडकर वार्ड में लगभग 40 लाख रुपये की लागत से खटीक समाज के आराध्य श्री खटवांग महाराज के नाम से निर्मित भव्य मंगल भवन का लोकार्पण सागर विधायक शैलेंद्र कुमार जैन के कर कमलों से संपन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन खटीक समाज द्वारा उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में किया गया।
कार्यक्रम में रामबाग मंदिर के महंत घनश्याम दास जी महाराज, भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार एवं नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री विशेष रूप से उपस्थित रहे। समाजजनों द्वारा अतिथियों का पुष्प वर्षा, शॉल, श्रीफल एवं पुष्पमाला से भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया।
अपने संबोधन में विधायक जैन ने कहा कि खटीक समाज एक पराक्रमी एवं संघर्षशील समाज रहा है, जिसे इतिहास में लड़ाकू समाज के रूप में जाना जाता है। रघुवंशी परंपरा से जुड़े इस समाज ने राष्ट्र और समाज की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने बंगाल के महान क्रांतिकारी गोपाल पाठा का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज के महापुरुषों के आदर्श नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री जी की विशेष निधि से सागर नगर के सभी 48 वार्डों में सामुदायिक अधोसंरचना को मजबूत किया जा रहा है। लगभग 16 करोड़ रुपये की स्वीकृति के अंतर्गत विभिन्न वार्डों में कुल 38 करोड़ 38 लाख रुपये की लागत से मंगल भवनों का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे समाजों को सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के लिए स्थायी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
कार्यक्रम को नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री, भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी एवं नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार ने भी संबोधित किया तथा मंगल भवन निर्माण को सामाजिक एकता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष जगन्नाथ गुरैया, विक्रम सोनी, ललित मोहन, धर्मेंद्र खटीक, विशाल खटीक, पंडित मनोज शास्त्री, श्रीमती आजाद रानीबाई, श्रीमती अनीता अहिरवार, श्रीमती नीलम अहिरवार, श्री सुरेश राजोरे, हरेंद्र खटीक, विष्णु खटीक, महेंद्र माते, बबलू खटीक सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति एवं समाजजन उपस्थित रहे।











