अंतर्राष्ट्रीय हिंदी परिषद द्वारा तिलकगंज में सम्मान समारोह आयोजित, मातृभाषा हिंदी पर गर्व करने का किया आह्वान

अंतर्राष्ट्रीय हिंदी परिषद द्वारा तिलकगंज में सम्मान समारोह आयोजित, मातृभाषा हिंदी पर गर्व करने का किया आह्वान

सागर।अंतर्राष्ट्रीय हिंदी परिषद जिला सागर द्वारा तिलकगंज में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सागर विधायक शैलेंद्र कुमार जैन उपस्थित रहे,मंचासीन अतिथियों में परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष हृदय नारायण मिश्रा,कपिल मलैया,श्रीमती सरोज मलैया,श्री अशोक राठौड़,जे एल गुप्ता,सतीश राठौर,श्रीराम साहू,श्रीमती मिथिलेश मौर्य, श्रीमती कोमल पटेल,डा वैशाली चतुर्वेदी मौजूद थी । कार्यक्रम में नारी शक्ति की बड़ी एवं उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली, जिस पर अतिथियों ने आयोजकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
अपने संबोधन में विधायक श्री जैन ने कहा कि जब तक किसी राष्ट्र के पास उसकी मातृभाषा नहीं होती, तब तक वह राष्ट्र वास्तविक रूप से प्रगति नहीं कर सकता। हिंदी हमारी मातृभाषा है और हमें उस पर गर्व होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि हम संकल्प लें तो दैनिक जीवन में अनावश्यक अंग्रेजी शब्दों के स्थान पर हिंदी का प्रयोग बढ़ाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि देश के कई प्रांत हिंदी को मातृभाषा के रूप में स्वीकार नहीं करते, ऐसे में प्रयास किए जाने चाहिए कि हिंदी को सर्वमान्य रूप से राजभाषा के रूप में व्यापक सम्मान प्राप्त हो। विधायक श्री जैन ने कहा कि आज भी बैंकों सहित अनेक संस्थानों में अंग्रेजी का अत्यधिक उपयोग होता है तथा स्वतंत्रता के 77 वर्ष पूर्ण होने के बाद भी सर्वोच्च एवं उच्च न्यायालयों के आदेश अंग्रेजी में दिए जाते हैं, जिससे कई पक्षकार यह तक नहीं समझ पाते कि वे अपना मामला जीते हैं या नहीं।
कार्यक्रम में स्वागत भाषण प्रमिला मौर्य द्वारा दिया गया तथा संचालन अरविंद जैन ने किया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से श्रीमती उर्मिला सहारे,मंजुश्री चौरसिया,जयश्री रैकवार,सुनीता रैकवार,रीता अहिरवार,मिथलेश जैन,रजनी चौरसिया,गीता खरे सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति मौजूद थी।

Leave a Comment

Read More