नरयावली विधायक प्रदीप लारिया ने विधानसभा में उठाए जनहित के महत्वपूर्ण मुद्दे

नरयावली विधायक प्रदीप लारिया ने विधानसभा में उठाए जनहित के महत्वपूर्ण मुद्दे
भोपाल/23.02.2026: विधानसभा के बजट सत्र के दौरान नरयावली विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया ने सोमवार को क्षेत्र की जनभावनाओं और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों को सदन के पटल पर रखा। सोमवार को उन्होंने सामूहिक विवाह, लाड़ली बहना योजना, राशन वितरण और बुनियादी ढांचे से जुड़े प्रश्नों के माध्यम से शासन का ध्यान आकर्षित किया।
सामाजिक कल्याण और विवाह योजनाओं पर चर्चा
विधायक श्री लारिया ने सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण मंत्री से मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के आगामी स्वरूप पर जानकारी चाही। उन्होंने वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तावित दिशा-निर्देशों, जोड़ों की निर्धारित संख्या और पात्रता नियमों (बीपीएल अनिवार्यता) पर स्पष्टीकरण मांगा, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के निर्धन परिवारों को योजना का सुचारू लाभ मिल सके।
लाड़ली बहना और नवीन पंजीयन का विषय
महिला एवं बाल विकास मंत्री से चर्चा करते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की वर्तमान स्थिति साझा की। उन्होंने जनवरी 2026 में लाभान्वित हुई हितग्राहियों का विवरण मांगते हुए प्रमुखता से यह प्रश्न उठाया कि जो पात्र बहनें वर्तमान में योजना से वंचित हैं, उनके नवीन पंजीयन के लिए विभाग की क्या आगामी कार्ययोजना है।
सार्वजनिक वितरण प्रणाली में पारदर्शिता
खाद्य नागरिक आपूर्ति मंत्री के समक्ष श्री लारिया ने शासकीय उचित मूल्य की दुकानों पर राशन वितरण की व्यवस्था का मुद्दा उठाया। उन्होंने मानक इलेक्ट्रॉनिक कांटों की उपलब्धता और नियमित निरीक्षण के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि हर पात्र व्यक्ति को उसका पूर्ण हक मिल सके।
अनुसूचित जाति बाहुल्य क्षेत्रों में सामुदायिक विकास
विधायक ने अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री से मुख्यमंत्री द्वारा पूर्व में की गई घोषणाओं के क्रियान्वयन की जानकारी मांगी। उन्होंने विशेष रूप से ग्राम भैंसा, गंभीरिया (मकरोनिया), कर्रापुर, बम्होरी बीका, संतोषपुरा, राजीव नगर और भगवानगंज जैसे क्षेत्रों में 15-15 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सामुदायिक/मांगलिक भवनों की प्रगति रिपोर्ट चाही।
बुनियादी ढांचे के लिए याचिका
क्षेत्रीय विकास की कड़ी में श्री लारिया ने एक याचिका के माध्यम से चितौरा से पिपरिया रामवन तक ग्रेवल सड़क निर्माण की मांग प्रस्तुत की, ताकि क्षेत्र की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाया जा सके।

Leave a Comment

Read More