
भाई दूज के दिन इकलौते भाई की दर्दनाक मौत
बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में डायल-112 के ड्राइवर की जान गई, एक युवक गंभीर घायल
सागर। जिले के गढ़ाकोटा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। गढ़ाकोटा रोड पर ग्राम चनौआ के पास दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में डायल-112 के ड्राइवर की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया।
जानकारी के अनुसार गढ़ाकोटा थाना की डायल-112 में पायलट के पद पर पदस्थ सौरभ तिवारी निवासी सागर बुधवार रात ड्यूटी पूरी कर बाइक से सागर लौट रहे थे। इसी दौरान चनौआ गांव में गोवर्धन ढाबा के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक से उनकी आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को गढ़ाकोटा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल सागर रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान सौरभ तिवारी ने दम तोड़ दिया। वहीं दूसरी बाइक पर सवार युवक हेमंत गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज जारी है।
पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम कराया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
गढ़ाकोटा थाना प्रभारी शिवम दुबे ने बताया कि बाइकों की भिड़ंत में डायल-112 के ड्राइवर समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। जिला अस्पताल ले जाते समय सौरभ तिवारी की मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
Byte: शिवम दुबे, थाना प्रभारी











