खेत में सो रहे किसान की चाकू मारकर हत्या, चोरी के इरादे से आए बदमाश; बचाने पहुंचे बेटे को भी पीटा

खेत में सो रहे किसान की चाकू मारकर हत्या, चोरी के इरादे से आए बदमाश; बचाने पहुंचे बेटे को भी पीटा

सागर। जिले के गढ़ाकोटा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुमरई में खेत पर पानी देने गए एक वृद्ध किसान की अज्ञात बदमाशों ने चाकू मारकर हत्या कर दी। बदमाश खेत में लगे स्प्रिंकलर नोजल (सिंचाई पंप) चोरी करने के इरादे से पहुंचे थे। पिता को बचाने पहुंचे बेटे के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की और मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार ग्राम कुमरई निवासी श्यामलाल कुर्मी (70) शुक्रवार देर रात करीब 12 बजे अपने खेत पर पानी देने गए थे। पानी देने के बाद वह खेत में ही आराम करने के लिए लेट गए। इसी दौरान अज्ञात बदमाश खेत पर पहुंच गए। आहट होने पर श्यामलाल जाग गए, तभी बदमाशों ने उन्हें पकड़ लिया और मारपीट करने लगे।
इसी बीच पास के खेत से गुजर रहे एक युवक ने श्यामलाल के बेटे महेश कुर्मी को फोन कर खेत में शोर होने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही महेश खेत पहुंचा, जहां उसने देखा कि 5 से 6 बदमाश उसके पिता को पकड़कर गंगाजोर की ओर ले जा रहे हैं। महेश ने उनका पीछा किया तो आरोपियों ने रास्ते में श्यामलाल के साथ मारपीट की और उनकी छाती पर चाकू से हमला कर दिया।
पिता को बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंचे महेश के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की और मौके से फरार हो गए।
घटना में गंभीर रूप से घायल श्यामलाल को गढ़ाकोटा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान शनिवार सुबह उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम कराया।
शनिवार को एफएसएल टीम के साथ पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। महेश कुर्मी की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात 6 आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
एसडीओपी प्रकाश मिश्रा ने बताया कि कुमरई गांव में खेत पर 70 वर्षीय किसान की हत्या की घटना सामने आई है। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं और मामले की जांच की जा रही है।

Byte: प्रकाश मिश्रा, एसडीओपी
Byte: मृतक का बेटा

Leave a Comment

Read More