
सागर पुलिस
दिनांक 08/03/26
सागर पुलिस की तत्परता और टीमवर्क से विदिशा में भटकी 9 वर्षीय बच्ची सुरक्षित परिवार से मिली, संभावित अनहोनी टली
सागर पुलिस की सजगता, संवेदनशीलता और बेहतर टीमवर्क के चलते विदिशा में परिवार से बिछड़ी लगभग 8-9 वर्षीय एक मासूम बच्ची को सुरक्षित उसके परिजनों से मिलाया गया, जिससे संभावित अनहोनी टल गई।
जानकारी के अनुसार सागर निवासी एक परिवार करीला मेला देखने गया हुआ था। इसी दौरान भीड़-भाड़ में उनकी लगभग 8-9 वर्ष की बच्ची परिवार से बिछड़ गई और भटकते हुए विदिशा में पहुंच गई। घबराहट के कारण बच्ची अपने घर का पूरा पता या परिवार के सदस्यों की जानकारी ठीक से नहीं बता पा रही थी।
इसी बीच किसी सज्जन व्यक्ति द्वारा बच्ची को लेकर सागर से यातायात ड्यूटी पर विदिशा गए यातायात थाना सागर में पदस्थ आरक्षक विशाल के पास पहुंचाया गया। आरक्षक विशाल ने मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए बच्ची को शांत कराया और बड़े ही धैर्य व समझदारी से उससे बातचीत की। बातचीत के दौरान बच्ची ने बताया कि वह सागर की रहने वाली है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आरक्षक विशाल ने तत्काल इस संबंध में उप निरीक्षक आर.के.एस. चौहान को अवगत कराया। उप निरीक्षक चौहान द्वारा तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम सागर के माध्यम से गोपालगंज एवं मोतीनगर क्षेत्र में संभावित पते पर चीता मोबाइल भेजकर जानकारी की पुष्टि कराई गई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते बच्ची के चाचा से संपर्क स्थापित हो गया। इसके बाद वीडियो कॉल के माध्यम से बच्ची और उसके चाचा की बात कराई गई, जिससे उसकी पहचान की पुष्टि हुई। तत्पश्चात विदिशा में मौजूद परिवार के अन्य सदस्यों को आरक्षक विशाल द्वारा संपर्क कर अपने पास बुलाया गया और विधिवत सत्यापन के बाद बच्ची को सुरक्षित उनके सुपुर्द कर दिया गया।
सागर पुलिस की इस त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई में पुलिस कंट्रोल रूम सागर, गोपालगंज थाना क्षेत्र की चीता मोबाइल के आरक्षक चंद्रकांत मिश्रा यातायात थाना सागर के ड्यूटी पर गए आरक्षक विशाल सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।
इस मानवीय और सजग कार्य से न केवल एक मासूम बच्ची सुरक्षित अपने परिवार से मिल सकी, बल्कि समय रहते संभावित किसी अनहोनी को भी टाल दिया गया। परिजनों ने सागर पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता के लिए आभार व्यक्त किया।
संदेश:
सागर पुलिस आमजन की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है और किसी भी आपात स्थिति में नागरिकों से तत्काल पुलिस की सहायता लेने की अपील करती है।











