
दिगंबर जैन महिला परिषद का प्रांतीय अधिवेशन 10 मार्च को मंगलगिरी में
सागर।
अखिल भारतवर्षीय दिगंबर जैन महिला परिषद, मध्य प्रदेश का द्विवार्षिक प्रांतीय अधिवेशन एवं अलंकरण समारोह 10 मार्च को प्रातः से सांय तक मंगलगिरी अतिशय क्षेत्र में आयोजित किया जाएगा। इसी संदर्भ में 9 मार्च को दोपहर 2 बजे मंगलगिरी आयोजन स्थल पर प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया।
प्रेस वार्ता में राष्ट्रीय महामंत्री अनिल जैन, केंद्रीय अध्यक्ष श्रीमती निर्मला जैन, प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. आशा जैन, सचिव श्रीमती मंजू मगन, कोषाध्यक्ष श्रीमती सुगंधी जैन, प्रांतीय अध्यक्ष पूर्व विधायक सुनील जैन, संरक्षक निधि जैन सहित केंद्रीय, प्रांतीय, क्षेत्रीय पदाधिकारी उपस्थित रहीं।
राष्ट्रीय महामंत्री अनिल जैन ने कहा कि महिला शक्ति देशभर में समाज और राष्ट्र निर्माण के लिए महत्वपूर्ण कार्य कर रही है। वहीं केंद्रीय अध्यक्ष श्रीमती निर्मला जैन ने बताया कि अखिल भारतवर्षीय दिगंबर जैन महिला परिषद 12 सूत्रीय कार्यक्रमों के माध्यम से समाज सेवा के विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रही है। इन कार्यक्रमों में पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, नारी सुरक्षा व उत्थान, कन्या सुरक्षा, जीव दया, कुपोषित बच्चों के प्रति जागरूकता, नेत्र सुरक्षा एवं दिव्यांग कल्याण, वृद्धजन सेवा, महिला परामर्श केंद्र, युवा जागरूकता व करियर काउंसलिंग, स्वास्थ्य जागरूकता, भूख निवारण, जिनालय तथा साधु-साध्वी सेवा, स्वच्छता, शिक्षा, रोजगार और समूह निर्माण जैसे कार्य शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि परिषद द्वारा इन 12 सूत्रीय कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली क्षेत्रीय संस्थाओं एवं पदाधिकारियों को अलंकृत किया जाता है। इस अधिवेशन में भी राष्ट्रीय स्तर के पदाधिकारियों को सम्मानित किया जाएगा।
प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. आशा जैन ने जानकारी दी कि 10 मार्च को प्रातः 9:30 बजे ध्वजारोहण एवं दिव्यघोष के साथ अधिवेशन का शुभारंभ होगा। इसके बाद 10 बजे बैनर प्रेजेंटेशन, मंडप उद्घाटन, चित्र अनावरण, दीप प्रज्ज्वलन, मंगलाचरण, अतिथि स्वागत व सम्मान, स्वागत उद्बोधन, सचिवीय प्रतिवेदन, बधाई नृत्य, स्मारिका ‘दर्पण द्वितीय’ का विमोचन तथा अतिथि उद्बोधन के साथ प्रथम सत्र संपन्न होगा।
प्रांतीय सचिव श्रीमती मंजू मगन ने बताया कि द्वितीय सत्र में “पारिजात” नामक अलंकरण समारोह, नवीन पदाधिकारियों की घोषणा एवं शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा।
श्रीमती मीना प्रधान एवं श्रीमती रश्मि आलोक ने बताया कि सांयकालीन कार्यक्रमों में मेहंदी, एल्बम, सर्वाधिक अनुशासित संभाग, सर्वाधिक रजिस्ट्रेशन संभाग, आकर्षक वस्तु स्टॉल तथा लकी ड्रा प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।
प्रेस वार्ता में केंद्रीय, प्रांतीय, संभागीय व क्षेत्रीय पदाधिकारी, आयोजन समिति एवं विभिन्न समितियों के प्रभारी सदस्य उपस्थित रहे। प्रचार-प्रसार एवं मीडिया समिति द्वारा पत्रकारों का तिलक लगाकर सम्मान किया गया तथा स्वल्पाहार कराया गया।
इस अवसर पर श्रीमती राजलक्ष्मी बमोरिया, विद्या चौधरी, दीप्ति चंदेरिया, अंजू जैन, संध्या रांधेलिया, आशा सेठ, सुनीता जैन, ममता जैन सहित अन्य पदाधिकारियों का विशेष सहयोग रहा।











