
नरयावली के विकास को मिलेगी नई रफ़्तार: विधायक प्रदीप लारिया ने मुख्यमंत्री को सौंपा 9 सूत्रीय मांग पत्र
सागर | 11.03. 2026: सागर प्रवास पर आए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के समक्ष नरयावली विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया ने क्षेत्र के सर्वांगीण विकास का विज़न प्रस्तुत किया। ज्ञानवीर विश्वविद्यालय के गरिमामयी उद्घाटन समारोह के दौरान विधायक लारिया ने मुख्यमंत्री से भेंट कर नरयावली विधानसभा की लंबित विकास परियोजनाओं और सिंचाई संबंधी समस्याओं के निराकरण हेतु विशेष आग्रह किया।
कड़ान सिंचाई परियोजना: 52 गांवों की खुशहाली के लिए बजट की मांग
विधायक प्रदीप लारिया ने मुख्यमंत्री का ध्यान ‘कड़ान मध्यम सिंचाई परियोजना’ की ओर आकर्षित करते हुए बताया कि इस महत्वपूर्ण योजना पर अब तक 385.79 करोड़ रुपये व्यय किए जा चुके हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि तकनीकी जटिलताओं और ग्राम पथरिया हाट को डूब क्षेत्र से बचाने के लिए ‘गाइड बंड’ का निर्माण अत्यंत आवश्यक है, जिसके लिए 254.36 करोड़ की अतिरिक्त प्रशासनिक स्वीकृति अनिवार्य है।
विधायक लारिया ने विशेष ध्यानाकर्षण कराया कि यदि यह बजट शीघ्र स्वीकृत नहीं होता है, तो 52 गांवों की 12,363 हेक्टेयर भूमि सिंचाई से वंचित रह जाएगी। उन्होंने मुख्यमंत्री से आगामी ‘अधिकारी समिति’ की बैठक में इसे प्राथमिकता से मंजूरी देने का अनुरोध किया।
क्षेत्र के कायाकल्प हेतु 9 सूत्रीय मांगें
विधायक लारिया द्वारा सौंपे गए पत्र में क्षेत्र की शिक्षा, स्वास्थ्य और प्रशासनिक सुदृढ़ीकरण के लिए प्रमुख मांगें मकरोनिया में राजस्व अनुविभागीय कार्यालय (SDM Office) की स्थापना और नरयावली टप्पा तहसील को पूर्ण तहसील का दर्जा, नरयावली ग्राम पंचायत को नगर पंचायत बनाने की प्रक्रिया को तत्काल पूर्ण करना, शासकीय महाविद्यालय नरयावली में विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय का प्रारंभ तथा परसोरिया व जरुआखेड़ा में नए सरकारी कॉलेजों की स्थापना,मकरोनिया में आई.टी. पार्क की स्थापना तथा मकरोनिया व कर्रापुर में आधुनिक इनडोर स्टेडियम का निर्माण सहित तोड़ा गौतमिया एवं गढ़ौली सेवारा में नए तालाबों का निर्माण तथा करिया पाठा वियर व पिपरिया जसराज जलाशय को स्वीकृति का अनुरोध किया।
खुरई रोड स्थित ज्ञानवीर यूनिवर्सिटी के उद्घाटन अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ उप-मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल, शिक्षा मंत्री श्री इंदर सिंह परमार और कैबिनेट मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत सहित अन्य वरिष्ठ जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विधायक लारिया ने कहा कि “नरयावली विधानसभा का विकास मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री जी का दृष्टिकोण सकारात्मक है और मुझे पूर्ण विश्वास है कि इन मांगों की स्वीकृति से क्षेत्र में खुशहाली और प्रगति के नए द्वार खुलेंगे।”











