
जनता की चिंता कम, राजनीति ज्यादा कर रही कांग्रेस; आपूर्ति को लेकर भ्रम फैला रही – भाजपा जिला उपाध्यक्ष जगन्नाथ गुरैया
सागर। सागर सहित पूरे जिले में रसोई गैस एवं अन्य पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति निर्बाध रूप से जारी है। इसके बावजूद कांग्रेस नेताओं द्वारा किए गए प्रदर्शन पर कटाक्ष करते हुए भाजपा जिला उपाध्यक्ष जगन्नाथ गुरैया ने कहा कि कांग्रेस को जनता की चिंता कम और राजनीतिक प्रदर्शन ज्यादा प्रिय है।
जिला उपाध्यक्ष जगन्नाथ गुरैया ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि जिन लोगों के शासनकाल में रसोई गैस के लिए लोगों को महीनों इंतजार करना पड़ता था और बिचौलियों का बोलबाला रहता था, वही आज सिलेंडर सिर पर रखकर दिखावटी राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को यह याद रखना चाहिए कि देश में पारदर्शी गैस वितरण व्यवस्था और करोड़ों गरीब परिवारों तक रसोई गैस पहुंचाने का काम भाजपा सरकार ने किया है।उन्होंने कहा कि वैश्विक संकट की इस घड़ी में भी भारत, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरी मजबूती के साथ खड़ा है। विभिन्न पदार्थों की आपूर्ति को लेकर अनावश्यक भ्रम फैलाना और उसे राजनीतिक मुद्दा बनाना कांग्रेस की पुरानी आदत रही है। जिला उपाध्यक्ष जगन्नाथ गुरैया ने कहा कि देश में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की किसी प्रकार की कमी नहीं है और सरकार पूरी मुस्तैदी के साथ व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए कार्य कर रही है।
उक्त जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन ने दी।











