
मसूरी में कुलदीप यादव की शादी में पहुंचे बागेश्वर महाराज, नवदंपति को दिया आशीर्वाद
उत्तराखंड के खूबसूरत हिल स्टेशन मसूरी में भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव की शादी समारोह में आध्यात्मिक गुरु धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (बागेश्वर महाराज) विशेष रूप से शामिल हुए।
बागेश्वर महाराज ने विवाह समारोह में पहुंचकर नवदंपति को आशीर्वाद दिया। इस दौरान उन्होंने कुलदीप यादव को बालाजी की पवित्र पटकी पहनाई और भगवान बालाजी का चित्र भेंट किया। साथ ही उन्होंने नवविवाहित जोड़े के सुखद और समृद्ध वैवाहिक जीवन की कामना की।
समारोह के दौरान बागेश्वर महाराज ने कुलदीप यादव के परिवारजनों से भी मुलाकात की और उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर मौजूद लोगों ने महाराज का आशीर्वाद लिया और समारोह का वातावरण आध्यात्मिक एवं उत्सवमय हो गया।
गौरतलब है कि भारतीय क्रिकेट टीम के प्रमुख स्पिन गेंदबाज कुलदीप यादव इन दिनों अपने निजी जीवन के नए अध्याय की शुरुआत कर रहे हैं और उनके विवाह समारोह में कई खास मेहमानों की मौजूदगी चर्चा का विषय बनी हुई है।











