राष्ट्रीय सामाजिक सुरक्षा संस्थान द्वारा प्रायोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला के द्वितीय चरण का शुभारंभ

राष्ट्रीय सामाजिक सुरक्षा संस्थान द्वारा प्रायोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला के द्वितीय चरण का शुभारंभ

समाज में जागरूकता लाने के लिए सामाजिक संवेदनाओं का होना अत्यंत आवश्यक – श्री दिनेश कुमार उमरैया

सागर। डॉ. हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय, सागर के समाजशास्त्र एवं सामाजिक कार्य विभाग द्वारा मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के संयुक्त तत्वावधान में तथा राष्ट्रीय सामाजिक रक्षा संस्थान के प्रायोजन से आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला के द्वितीय चरण का उद्घाटन सत्र सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारम्भ समाजशास्त्र एवं सामाजिक कार्य विभाग के विभागाध्यक्ष एवं अधिष्ठाता प्रोफेसर दिवाकर सिंह राजपूत, विशिष्ट अतिथि श्री दिनेश उमरैया,विशिष्ट अतिथि श्री टी. एन. बेदरे ,तथा विशिष्ट अतिथि डॉ. पंकज तिवारी जी द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया।
प्रो. दिवाकर सिंह राजपूत ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि इस तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य सामाजिक कार्य शिक्षकों को समकालीन सामाजिक चुनौतियों, नीतियों तथा सामाजिक रक्षा से जुड़े विषयों के प्रति संवेदनशील बनाना है। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में ऐसे प्रशुक्षुओं को जोड़ा गया है जो सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक रूप से संलग्न है।
कार्यक्रम का मंच संचालन प्रो. कालीनाथ झा द्वारा किया गया। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, शिक्षकों और प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। कार्यक्रम के प्रथम तकनीकी सत्र का आरंभ श्री दिनेश कुमार उमरैया, संभागीय समन्यवक, मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद, सागर द्वारा किया गया। अपने वक्तव्य में उन्होंने कहा कि समाज में जागरूकता लाने के लिए सामाजिक संवेदनाओं का होना अत्यंत आवश्यक है।
द्वितीय तकनीकी सत्र का आयोजन श्री पंकज तिवारी, निदेशक, शैक्षिक बहुमाध्यम अनुसंधान केंद्र, सागर के उद्बोधन से हुआ। उन्होंने सोशल मीडिया और इंटरनेट के बढ़ते प्रभाव पर प्रकाश डालते हुए इसके सकारात्मक एवं नकारात्मक पहलुओं की चर्चा की। श्री के. के. मिश्रा, जिला समन्यवक, मध्य प्रदेश जन अभियान सागर ने अपने वक्तव्य में वृद्धाश्रम की आवश्यकता, समाज में वृद्धजनों की स्थिति तथा उनके संरक्षण और सम्मान के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इस प्रशिक्षण कार्यशाला में समाजशास्त्र एवं सामाजिक कार्य विभाग के सभी शिक्षक, शोधार्थी तथा मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के प्रतिनिधि एवं सहभागी उपस्थित रहे तथा सभी ने कार्यशाला की गतिविधियों में सक्रिय रूप से सहभागिता की।

Leave a Comment

Read More