
कलेक्टर की पहल पर पुस्तक गणवेश मेला का शुभारंभ
महारानी लक्ष्मी विद्यालय क्रमांक 1 में सोमवार से
सागर 22 मार्च 2026
कलेक्टर संदीप जी आर की पहल पर नवीन शैक्षणिक सत्र के प्रारंभ में क्रय किए जाने वाली पुस्तकें, स्टेशनरी यूनिफार्म, शूज इत्यादि उचित मूल्य पर सुलभ कराए जाने हेतु पुस्तक मेले का आयोजन महारानी लक्ष्मी विद्यालय क्रमांक 1 में 23 मार्च दिन सोमवार से आरम्भ होगा। मेला 23 मार्च से 28 मार्च तक समय दोपहर 3.30 से रात्रि 7.30 बजे तक आयोजित किया जाएगा।
ज्ञातव्य है कि नवीन शैक्षणिक सत्र 2026-27 दिनांक 01.04.2026 से प्रदेश के सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में प्रारंभ हो रहा है। स्कूल शिक्षा विभाग म.प्र. निजी विद्यालय फीस तथा अन्य संबंधित विषयों का विनियम अधिनियम 2017 एवं म.प्र. निजी विद्यालय फीस तथा संबंधित विनियमन 2020 प्रभावशील है, उक्त नियम की धारा 06 में प्रावधान है कि निजी विद्यालय प्रबंधन द्वारा छात्र एवं अभिभावकों को पुस्तकें, यूनिफार्म, टाई, जूते आदि चयनित विक्रेताओं से क्रय करने के लिए औपचारिक तथा अनौपचारिक किसी भी रूप में बाध्य नहीं किया जाएगा। छात्र या अभिभावक इन सामग्रियों को खुले बाजार से क्रय करने हेतु स्वतंत्र होंगे।
कलेक्टर संदीप जी आर ने अभिभावकों एवं बच्चों के लिए शैक्षणिक सामग्री उचित दामों पर उपलब्ध करने हेतु निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए थे। इसी परिपेक्ष्य में पुस्तक मेले का आयोजन सांदीपनि शास. म.ल.बा.कन्या उ.मा.वि. क्र.1 सागर के पुराने भवन में किया जा रहा है। कलेक्टर ने अपील की कि सभी सागर नगर के स्टेशनरी, पुस्तक विक्रेता एवं यूनिफार्म विक्रेता निर्धारित दिनांक एवं समय पर सांदीपनि शास. म.ल.बा. कन्या उ.मा.वि. क्र.1 सागर के पुराने भवन में अपना स्टॉल लगाकर मेले के आयोजन को सफल बनाएं, इसी प्रकार उन्होंने अभिभावकों से इस पुस्तक मेले का पूरा लाभ लेने की अपील की।











