मकरोनिया की धरा पर साकार हो रहा भगवान परशुराम का भव्य धाम: विधायक लारिया ने लिया निर्माण का जायजा, अब बाउंड्री वॉल और सुविधाओं के विस्तार की भी दी सौगात

“मकरोनिया की धरा पर साकार हो रहा भगवान परशुराम का भव्य धाम: विधायक लारिया ने लिया निर्माण का जायजा, अब बाउंड्री वॉल और सुविधाओं के विस्तार की भी दी सौगात”
मकरोनिया/28.03.2026: राजनीति जब जनसेवा के साथ-साथ आध्यात्मिक चेतना से जुड़ती है, तो वह समाज के नव-निर्माण का मार्ग प्रशस्त करती है। इसी प्रतिबद्धता के साथ शनिवार को नरयावली विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया ने नगर पालिका परिषद मकरोनिया के अंतर्गत बटालियन मार्ग स्थित निर्माणाधीन भगवान परशुराम मंदिर का अवलोकन किया। यह मंदिर न केवल क्षेत्र की धार्मिक पहचान बन रहा है, बल्कि क्षेत्रवासियों की आस्था और अटूट विश्वास का केंद्र भी है।

एक जनप्रतिनिधि केवल आधारभूत संरचनाओं का निर्माता नहीं, बल्कि समाज की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का संरक्षक भी होता है। विधायक श्री लारिया द्वारा मंदिर निर्माण के लिए स्वीकृत 40 लाख रुपये की राशि और निरंतर किया जा रहा निरीक्षण यह दर्शाता है कि वे विकास के साथ-साथ लोक-आस्था का सम्मान करने में भी अग्रणी हैं। भगवान परशुराम, जो न्याय और पराक्रम के प्रतीक हैं, उनके इस भव्य मंदिर का निर्माण क्षेत्र में धर्म और नैतिकता के मूल्यों को और सशक्त करेगा।

इस मंदिर के पूर्ण होने से मकरोनिया और आसपास के क्षेत्रों में एक नई सकारात्मक ऊर्जा का संचार होगा। आध्यात्मिक दृष्टि से यह मंदिर क्षेत्र में सात्विक वातावरण और सकारात्मकता का प्रवाह बढ़ेगा।
यह स्थान समाज के विभिन्न वर्गों के एकत्रीकरण और विचार-विमर्श का केंद्र बनेगा, जिससे सामुदायिक ओज में वृद्धि होगी। भव्य परशुराम धाम आने वाली पीढ़ियों को अपनी जड़ों और गौरवशाली इतिहास से जोड़ने का कार्य करेगा।

निरीक्षण के दौरान समाज के वरिष्ठजनों ने मंदिर परिसर की पूर्णता हेतु बाउंड्री वॉल, आउट टायलेट और पेरापिट निर्माण की आवश्यकता जताई। विधायक श्री लारिया ने न केवल उनकी बात को धैर्यपूर्वक सुना, बल्कि इन कार्यों को शीघ्र स्वीकृत कराने हेतु आश्वस्त भी किया। निर्माण कार्य लगभग पूर्णता की ओर है, जिसे देखकर विधायक श्री लारिया ने संतोष व्यक्त किया और हरसंभव सहयोग का संकल्प दोहराया।

इस अवसर पर म.प्र.सर्वविप्र महासंगठन प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुखदेव मिश्रा, नपा अध्यक्ष मिहिलाल, पवन शर्मा, राजा रिछारिया, केदार शर्मा, गोविंद दुबे, डॉ.निशिकांत तिवारी, नायक जी, मोहन महाराज, बलवंत ठाकुर, विवेक सक्सेना, नर्रू ठाकुर, निशांत अठिया, मुकेश पटेल, कमलेश पटेल, गोकुल ठाकुर,वर्षा साहू सहित नपा मकरोनिया के अधिकारी एवं सामाजिक बंधु उपस्थित रहे।

Leave a Comment

Read More