
कार्यकर्ता ही संगठन की शक्ति: नरयावली में विधायक प्रदीप लारिया के नेतृत्व में ‘प्रशिक्षण वर्ग’ का शंखनाद
(मकरोनिया नगर, मकरोनिया ग्रामीण एवं सदर मंडल की सक्रिय सहभागिता)
सागर/29.03.2026: भारतीय जनता पार्टी की रीति-नीति, वैचारिक अधिष्ठान और आगामी चुनौतियों के अनुरूप कार्यकर्ताओं को गढ़ने के लिए नरयावली विधानसभा क्षेत्र में ‘पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण वर्ग महाअभियान- 2026’ का भव्य आगाज़ हुआ। क्षेत्रीय विधायक इंजी.श्री प्रदीप लारिया के कुशल मार्गदर्शन और नेतृत्व में आयोजित इस दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग ने अनुशासन और संगठन विस्तार की नई इबारत लिख दी है।
विधानसभा के तीन मंडल मकरोनिया नगर, सदर और मकरोनिया ग्रामीण मंडलों की सक्रिय सहभागिता के साथ, यह आयोजन मात्र एक कार्यक्रम न रहकर कार्यकर्ताओं के लिए एक ‘वैचारिक कुंभ’ बन गया है, जहाँ हिमालय जैसी अडिग निष्ठा और आधुनिक तकनीक (AI) के संगम से भविष्य की जीत का मार्ग प्रशस्त किया गया।
संगठन की सूक्ष्म दृष्टि संगठनात्मक कौशल का परिचय देते हुए इस महाअभियान को दो पृथक केंद्रों— श्री गणेश एन्जोरा मैरिज गार्डन (मकरोनिया) और कुबेर वाटिका (पटकुई) पर आयोजित किया गया। विधायक श्री लारिया ने स्पष्ट किया कि भाजपा के लिए सत्ता साध्य नहीं, बल्कि जनसेवा का साधन है और प्रशिक्षण वर्ग वह पाठशाला है जहाँ ‘कार्यकर्ता’ से ‘नेता’ बनने की यात्रा शुरू होती है।
कुबेर वाटिका में मकरोनिया नगर एवं सदर मंडल के सत्र का शुभारंभ करते हुए स्वयं विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने ‘उद्घाटन सत्र एवं कार्यपद्धति’ पर सारगर्भित पाथेय दिया। उन्होंने कहा कि “भाजपा का कार्यकर्ता अपनी कार्यपद्धति से पहचाना जाता है।”
श्रीमती सुधा जैन ने वैचारिक अधिष्ठान पर प्रकाश डाला। जाहरसिंह ठाकुर ने ‘बूथ प्रबंधन एवं मन की बात’ के जरिए विजय का मंत्र फूंका। आशीष दुबे ने ‘सोशल मीडिया एवं ए.आई.’ के महत्व को रेखांकित करते हुए आधुनिक चुनावी रणकौशल समझाया। श्याम तिवारी ने भाजपा के गौरवशाली इतिहास और विकास यात्रा से कार्यकर्ताओं को गौरवान्वित किया।
मकरोनिया स्थित दूसरे केंद्र श्री गणेश एंजोरा मैरिज गार्डन पर मकरोनिया ग्रामीण मंडल में भी वैचारिक ऊर्जा का प्रवाह निरंतर बना रहा। भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने यहाँ उद्घाटन सत्र में वैचारिक नींव को मजबूती दी। सुखदेव मिश्रा ने केंद्र व राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं को अंतिम छोर के व्यक्ति तक पहुँचाने की रणनीति साझा की लोकेन्द्र पारासर ने ‘कार्य विस्तार’ विषय पर कार्यकर्ताओं को संगठन की सीमाओं को लांघने हेतु प्रेरित किया। सागर विधायक शैलेन्द्र जैन ने भाजपा के संघर्ष और उत्थान की गाथा सुनाई, जिससे कार्यकर्ताओं में नया जोश भर गया।
यह प्रशिक्षण वर्ग केवल भाषणों का संकलन नहीं, बल्कि भाजपा की उस ‘केडर-बेस्ड’ संस्कृति का प्रमाण है जो इसे विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बनाती है। विधायक प्रदीप लारिया के केंद्रित नेतृत्व में जिस तरह से सोशल मीडिया और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसे आधुनिक विषयों को पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद के साथ जोड़ा गया, वह नरयावली भाजपा की दूरदर्शिता को दर्शाता है। “जब कार्यकर्ता वैचारिक रूप से समृद्ध होता है, तो संगठन अजेय बन जाता है।”
इस अवसर पर जिला महामंत्री चैन सिंह, मंडल अध्यक्ष अशोक सिंह पड़रिया, अंकित तिवारी, सौरभ केसरवानी, समस्त संयोजक, व्यवस्थापक, नियंत्रक सहित मंडलों के ज्येष्ठ-श्रेष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता और मातृशक्ति उपस्थित रहे।











