
नरयावली विधानसभा अंतर्गत मकरोनिया ग्रामीण मंडल में भाजपा का प्रशिक्षण महा अभियान आयोजित, विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने बताया पार्टी का इतिहास और विकास
सागर। भारतीय जनता पार्टी मकरोनिया ग्रामीण मंडल का पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा अभियान कार्यक्रम मकरोनिया स्थित एक निजी मैरिज गार्डन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में विधायक शैलेंद्र कुमार जैन उपस्थित रहे, जबकि सत्र की अध्यक्षता पार्टी के वरिष्ठ नेता कलेक्टर सिंह ने की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने भारतीय जनता पार्टी के इतिहास और विकास पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भाजपा एक विचारधारा आधारित संगठन है, जिसकी जड़ें देशभक्ति, सेवा और समर्पण में निहित हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पार्टी की रीति-नीति एवं सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाएं।
विधायक जैन ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का मूल उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती के लिए निरंतर सक्रिय रहने और जनता के बीच रहकर सेवा कार्य करने का संदेश दिया।
उन्होंने भारत के स्वतंत्रता के पश्चात जिस तरह से जनसंघ भारतीय जनता पार्टी का उदय हुआ उसे पर प्रकाश डालते हुए पार्टी के संघर्ष के बारे में कार्यकर्ताओं को अवगत कराया किस तरह से राष्ट्रीय दल के रूप में मान्यता प्राप्त की डा श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के बलिदान के बारे में बताया, उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के त्याग तपस्या और बलिदान पर आज हम भारतीय जनता पार्टी के विराट स्वरूप को देख रहे हैं।
कार्यक्रम में जिला महामंत्री चैन सिंह ठाकुर सहित अपेक्षित पार्टी पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।











