
सागर पुलिस दिनांक 30/03/26
पुलिस महानिरीक्षक सागर जोन हिमानी खन्ना को भावभीनी विदाई — सेवाकाल की यादों से भावुक हुआ पुलिस परिवार
सागर। पुलिस महानिरीक्षक सागर जोन हिमानी खन्ना के सेवानिवृत्ति (दिनांक 31 मार्च) के उपलक्ष्य में दिनांक 29 मार्च को सागर में एक गरिमामय, भावनात्मक एवं यादगार विदाई समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पूर्व में इसलिए आयोजित किया गया, ताकि वे अन्य स्थानों पर आयोजित विदाई समारोहों में भी सहभागिता कर सकें।
कार्यक्रम में सागर जोन एवं जिले के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में सहभागिता कर हिमानी खन्ना के गौरवपूर्ण सेवाकाल को स्मरण किया। इस दौरान उनके सागर जोन में महानिरीक्षक/नेतृत्व कार्यकाल के दौरान किए गए उत्कृष्ट कार्यों, नवाचारों एवं उल्लेखनीय उपलब्धियों को दर्शाती फोटो एवं वीडियो के माध्यम से तैयार की गई एक विशेष लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई।
लघु फिल्म में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने, अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा, सामुदायिक पुलिसिंग तथा टीम नेतृत्व में उनके योगदान को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया। फिल्म के प्रदर्शन के दौरान उपस्थित अधिकारी एवं कर्मचारी भावुक हो उठे और पूरे सभागार में सम्मान एवं गर्व का वातावरण दिखाई दिया।
इस अवसर पर सीसीएफ सागर एवं सेवानिवृत्त पुलिस महानिरीक्षक विनीत खन्ना, पुलिस अधीक्षक सागर विकाश कुमार शाहवाल, पुलिस अधीक्षक विशेष शाखा सागर दिनेश कुमार कौशल ,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संजीव उइके एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार सिन्हा , अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दमोह सुजीत भदोरिया अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक टीकमगढ़ विक्रम सिंह कुशवाहा सहित सागर जिले एवं सागर जोन के विभिन्न जिलों से आए अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान अनेक अधिकारियों ने अपने उद्बोधन में श्रीमती हिमानी खन्ना के नेतृत्व, कार्यशैली, अनुशासन एवं मानवीय संवेदनाओं की सराहना की। कई अधिकारी अपने संबोधन के दौरान भावुक हो गए और उनके साथ बिताए अनुभवों को साझा करते हुए उनके मार्गदर्शन को अपने लिए प्रेरणास्रोत बताया।
श्रीमती खन्ना ने अपने उद्बोधन में सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सागर जोन में कार्य करना उनके जीवन के सबसे यादगार और संतोषजनक अनुभवों में से एक रहा है। उन्होंने पुलिस बल को भविष्य में भी निष्ठा, ईमानदारी एवं टीम भावना के साथ कार्य करने हेतु प्रेरित किया।
गरिमामय विदाई के साथ दी गई शुभकामनाएं
समारोह के अंत में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा श्रीमती हिमानी खन्ना को भावभीनी विदाई देते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
यह विदाई समारोह केवल एक अधिकारी के सेवाकाल का सम्मान नहीं, बल्कि पुलिस परिवार के बीच आपसी सम्मान, समर्पण, नेतृत्व और भावनात्मक जुड़ाव का जीवंत उदाहरण बनकर उभरा।











