विधायक प्रदीप लारिया ने उठाई जनहित की आवाज़; मकरोनिया चौराहा और सदर से शराब दुकानें हटाने के लिए कलेक्टर को लिखा पत्र

विधायक प्रदीप लारिया ने उठाई जनहित की आवाज़; मकरोनिया चौराहा और सदर से शराब दुकानें हटाने के लिए कलेक्टर को लिखा पत्र
सागर/31.03.2026: नरयावली विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया ने क्षेत्र की जनता की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। उन्होंने सागर जिला कलेक्टर को पत्र लिखकर मकरोनिया चौराहा और सदर (कैंट अस्पताल के समीप) स्थित अंग्रेजी शराब दुकानों को तत्काल प्रभाव से किसी गैर-रिहायशी क्षेत्र में स्थानांतरित करने की मांग की है।
मकरोनिया चौराहे पर दुर्घटनाओं और असुरक्षा का भय
विधायक लारिया ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि मकरोनिया चौराहा सागर जिले का सबसे व्यस्त व्यावसायिक केंद्र और प्रवेश द्वार है। यहाँ शराब दुकान होने के कारण असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे राहगीरों, विशेषकर छात्राओं और महिलाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। रात्रि में 9 बजे के बाद चौराहे पर हेवी व्हीकल की एंट्री शुरू हो जाती है। ठीक उसी समय शराब दुकान पर भारी भीड़ उमड़ती है। वाहनों की आवाजाही और शराब के नशे में धुत लोगों की लापरवाही के कारण यहाँ कभी भी भीषण दुर्घटना हो सकती है। अनियंत्रित रूप से खड़े वाहनों के कारण आये दिन ट्रेफिक जाम की स्थिति निर्मित होती है। एम्बुलेंस और वाहनों को निकलने में भी भारी कठिनाई होती है।

अस्पताल के समीप शराब दुकान पर आपत्ति
सदर क्षेत्र का जिक्र करते हुए विधायक श्री लारिया ने कहा कि कैंट अस्पताल जैसे संवेदनशील स्वास्थ्य क्षेत्र के पास शराब दुकान का होना अत्यंत आपत्तिजनक है। दुकान के बाहर होने वाले शोर-शराबे और हुड़दंग से मरीजों की शांति भंग हो रही है और परिजनों खासकर महिलाओं को असुरक्षा और असहजता का सामना करना पड़ रहा है।
जिला आबकारी अधिकारी को निर्देश की मांग
जनभावनाओं का सम्मान करते हुए विधायक प्रदीप लारिया ने कलेक्टर से आग्रह किया है कि वे जिला आबकारी अधिकारी को इन दोनों दुकानों को वर्तमान स्थल से हटाकर अन्यत्र स्थानांतरित करने के लिए निर्देशित करें। साथ ही, उन्होंने यह भी मांग की कि आगामी नवीन आबकारी नीति के तहत इन संवेदनशील स्थानों पर पुनः शराब दुकानों का आवंटन न किया जाए।
इस पत्र की प्रतिलिपि जिला आबकारी अधिकारी, सागर को भी प्रेषित की गई है ताकि स्थल निरीक्षण कर स्थानांतरण की प्रक्रिया को यथाशीघ्र पूर्ण किया जा सके।

Leave a Comment

Read More