
वैचारिक स्पष्टता और अनुशासन से बनी विश्व की सबसे बड़ी पार्टी – अविराज सिंह
खुरई। विधानसभा क्षेत्र खुरई में आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान-2026 के अंतर्गत खुरई नगर, खुरई ग्रामीण एवं धनौरा मंडल के प्रशिक्षण वर्ग में युवा नेता अविराज सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का मूल उद्देश्य केवल सत्ता प्राप्त करना नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की उस प्रक्रिया को सशक्त करना है, जिसमें अंतिम पंक्ति का कार्यकर्ता भी स्वयं को सहभागी मानता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी की कार्यपद्धति में अनुशासन, वैचारिक स्पष्टता और संगठन सर्वोपरि की भावना ही उसकी वास्तविक ताकत है, जिसने भाजपा को विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के रूप में स्थापित किया है। प्रशिक्षण वर्ग का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को केवल चुनावी कार्यकर्ता नहीं, बल्कि राष्ट्र प्रहरी के रूप में तैयार करना है।
अविराज सिंह ने कहा कि पार्टी अपने कार्यकर्ताओं को नियमित प्रशिक्षण शिविरों और वैचारिक गोष्ठियों के माध्यम से न केवल राजनीतिक दृष्टि प्रदान करती है, बल्कि उन्हें देश की जटिल समस्याओं और उनके समाधान को गहराई से समझने की क्षमता भी देती है। उन्होंने कहा कि “पहले कार्यकर्ता होना चाहिए, जो कार्यकर्ता नहीं बन सकता, वह नेता भी नहीं बन सकता” जैसे विचार संगठन की आत्मा हैं। साथ ही यह लक्ष्य भी निर्धारित है कि आज का विरोधी कल मतदाता बने, मतदाता सदस्य बने और सदस्य सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में संगठन को मजबूती दे।
उन्होंने कहा कि भाजपा की वास्तविक शक्ति उसके युवा कार्यकर्ताओं में निहित है, जो आधुनिक सोच और ऊर्जा के साथ संगठन को नई दिशा प्रदान करते हैं। युवाओं के उत्साह और वरिष्ठों के अनुभव का समन्वय ही भाजपा की सफलता का प्रमुख आधार है। उन्होंने यह भी बताया कि पार्टी की वैचारिक नींव ‘राष्ट्र प्रथम’, ‘अंत्योदय’ और ‘संगठन सर्वोपरि’ जैसे सिद्धांतों पर आधारित है, जो उसे अन्य दलों से अलग पहचान प्रदान करते हैं।
अविराज सिंह ने कहा कि आज भाजपा भारतीय राजनीति की केंद्रीय धुरी बन चुकी है और देशभर में उसका विस्तार इस बात का प्रमाण है कि मजबूत विचारधारा और सशक्त संगठन असंभव को भी संभव बना सकते हैं। मध्यप्रदेश इसका उत्कृष्ट उदाहरण है, जहाँ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में विकास और सांस्कृतिक चेतना को नई दिशा मिल रही है तथा बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक कार्यकर्ता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की कार्यपद्धति ने देश और प्रदेश को ऐसा नेतृत्व प्रदान किया है, जो राजनीतिक आकाश में नक्षत्र के समान चमक रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज विश्व के सबसे लोकप्रिय नेताओं में स्थापित हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ही वह पार्टी है, जो अपने संगठन में महिलाओं, युवाओं और समाज के सभी वर्गों को समान अवसर प्रदान करती है तथा लोकतांत्रिक मूल्यों का वास्तविक पालन करती है।
अविराज सिंह ने कहा कि भाजपा का ‘सांस्कृतिक राष्ट्रवाद’ केवल भौगोलिक सीमाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि हजारों वर्षों पुरानी भारतीय संस्कृति, परंपरा और सभ्यता के सम्मान से जुड़ा हुआ है। योग को वैश्विक पहचान दिलाना, पवित्र स्थलों का विकास करना तथा स्थानीय उत्सवों को राष्ट्रीय गौरव से जोड़ना इसी सोच का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि ‘विरासत भी, विकास भी’ के सिद्धांत पर चलते हुए पार्टी आधुनिकता और परंपरा का संतुलन स्थापित कर रही है।
उन्होंने कहा कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर और उज्जैन में महाकाल लोक का निर्माण भारतीय सांस्कृतिक चेतना के पुनर्जागरण के प्रतीक हैं। यह केवल धार्मिक आस्था नहीं, बल्कि राष्ट्रीय गौरव का विषय है, जो देश को अपनी जड़ों से जोड़ता है और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा प्रदान करता है।
अविराज सिंह ने कहा कि भाजपा का मूल दर्शन ‘एकात्म मानववाद’ पर आधारित है, जिसे पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने प्रतिपादित किया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ का मंत्र इसी विचारधारा का विस्तार है, जिसका उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र तभी सार्थक होता है जब उसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। भाजपा का संगठनात्मक ढांचा बूथ से लेकर शीर्ष स्तर तक लोकतांत्रिक पद्धति पर आधारित है, जो आंतरिक लोकतंत्र का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करता है। आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की रक्षा में पार्टी का योगदान भी अविस्मरणीय रहा है।
अविराज सिंह ने कहा कि पार्टी की पांच निष्ठाएं—राष्ट्रवाद, लोकतंत्र, गांधीवादी समाजवाद, सकारात्मक धर्मनिरपेक्षता और मूल्य आधारित राजनीति—उसकी कार्यशैली का आधार हैं। भाजपा तुष्टिकरण की राजनीति के विरुद्ध रहते हुए ‘सबके लिए न्याय’ के सिद्धांत पर कार्य करती है और राष्ट्र प्रथम की भावना को सर्वोपरि रखती है।
उन्होंने कहा कि भाजपा का इतिहास त्याग, तपस्या और संघर्ष से निर्मित हुआ है। यह पार्टी न तो मीडिया की चमक से बनी है और न ही सोशल मीडिया के माध्यम से, बल्कि जमीन पर कार्यकर्ताओं के समर्पण से आगे बढ़ी है। यही कारण है कि संगठन में एक साधारण कार्यकर्ता भी अपनी योग्यता के आधार पर शीर्ष पद तक पहुंच सकता है।
अविराज सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा, आतंकवाद के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस, सर्जिकल स्ट्राइक जैसे निर्णयों ने भारत की रक्षा नीति को नई दिशा दी है। साथ ही ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ जैसे विचार प्रशासनिक सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं, जो देश के समय और संसाधनों की बचत सुनिश्चित कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा में नेतृत्व बदलता है, लेकिन विचार और दिशा नहीं बदलती। पार्टी का मूल मंत्र ‘राष्ट्र प्रथम, फिर दल और अंत में स्वयं’ है, जो हर कार्यकर्ता को प्रेरित करता है। आज देश भाजपा के विकास मॉडल को देख रहा है, जो स्थिरता, सुशासन और संवेदनशीलता पर आधारित है।
कार्यक्रम में नन्हीबाई अहिरबार न.प. अध्यक्ष, राहुल चौधरी मंडल अध्यक्ष खुरई, रविन्द्र राजपूत, राजपाल सिंह राजपूत, रामनिवास माहेश्वरी, मूरत सिंह, हरिशंकर कुशवाहा, रश्मि सोनी उपस्थित रहे।











