निगमाध्यक्ष ने संभागायुक्त को सौंपा ज्ञापन, अनुसूचित जाति-जनजाति के जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित न करने पर कार्रवाई की मांग

निगमाध्यक्ष ने संभागायुक्त को ज्ञापन सौंपकर अंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित जिला स्तरीय समारोह एवं हितग्राही सम्मेलन में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित न करने पर संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की

सागर /दिनांक 13.4.26/ नगर निगम अध्यक्ष श्री वृंदावन अहिरवार ने संभागायुक्त श्री अनिल सुचारी को ज्ञापन सौंपकर मांग की है कि संविधान निर्माता डॉ बाबा साहेब अंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित
जिला स्तरीय समारोह एवं हितग्राही सम्मेलन में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित न करने वाले अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जावे। निगम अध्यक्ष ने संभागायुक्त को दिए गए ज्ञापन में लेख किया है कि शासन निर्देशानुसार भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती के उपलक्ष्य में जिला स्तरीय समारोह एवं हितग्राही सम्मेलन का आयोजन प‌द्माकर सभागार मोतीनगर में किया जा रहा हैं, म.प्र. सामान्य प्रशासन मंत्रालय वल्लभ भवन भोपाल के पत्र कमांक एफ-05-05/2026/1/4 भोपाल दिनांक 08 अप्रैल 2026 में स्पष्ट निर्देश हैं, कि इन कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। परन्तु इस कार्यक्रम में प्रभारी कलेक्टर श्री के.वी. विवेक मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सागर एवं नोडल अधिकारी द्वारा स्थानीय अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित नहीं किया गया, एवं इस समस्त कार्यक्रम से इस वर्ग के जनप्रतिनिधियों को दूर रखा जा रहा है।
अतः आपसे अनुरोध हैं कि जिला स्तरीय समारोह एवं हितग्राही सम्मेलन में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित न किये जाने वाले दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरूद्ध आवश्यक कार्यवाही करने का कष्ट करें।

Leave a Comment

Read More