नरयावली में मुख्यमंत्री के आगमन की तैयारी तेज, विधायक प्रदीप लारिया ने ली समन्वय बैठक

नरयावली में मुख्यमंत्री के आगमन की तैयारी तेज, विधायक प्रदीप लारिया ने ली समन्वय बैठक

नरयावली/13.04.2026: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आगामी 18 अप्रैल को प्रस्तावित नरयावली प्रवास को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। तैयारियों को अंतिम रूप देने और कार्यक्रम को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने के उद्देश्य से नरयावली विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने सांदीपनि विद्यालय में एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आहूत की। इस बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने शिरकत की।

बैठक को संबोधित करते हुए विधायक प्रदीप लारिया ने कहा कि मुख्यमंत्री का आगमन क्षेत्र के विकास और जन-संवाद की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम स्थल की व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं में किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए। श्री लारिया ने कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए आह्वान किया कि वे जनता और शासन के बीच सेतु का कार्य करें, ताकि अधिक से अधिक नागरिक मुख्यमंत्री जी के विचारों को सुन सकें।

प्रशासनिक और संगठन स्तर पर सौंपी गई जिम्मेदारियाँ
बैठक के दौरान कार्य विभाजन पर विशेष जोर दिया गया। जहाँ एक ओर प्रशासनिक अधिकारियों को मंच व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, हेलीपैड और विभागीय प्रदर्शनी हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, वहीं दूसरी ओर पार्टी पदाधिकारियों को बूथ स्तर पर जनसंपर्क और स्वागत द्वार जैसी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई। विधायक लारिया ने स्पष्ट किया कि प्रशासन और संगठन के बीच बेहतर तालमेल ही कार्यक्रम की सफलता का मुख्य आधार होगा।

बैठक में इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर जिला मंत्री चैन सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता गुलाब सिंह राजपूत, मंडल अध्यक्ष सोहन लोधी सहित प्रशासनिक अमले से जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद जैन, नरयावली थाना प्रभारी गजेंद्र जोहरिया राहतगढ़ जनपद सीईओ भूपेंद्र अहिरवार और प्राचार्य केपी सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

बैठक में क्षेत्र के विभिन्न सरपंचों, जनपद सदस्यों और समर्पित कार्यकर्ताओं ने भी अपने सुझाव साझा किए। सभी उपस्थितों ने एक स्वर में मुख्यमंत्री के भव्य स्वागत और कार्यक्रम के व्यवस्थित संचालन का संकल्प लिया। प्रशासनिक अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि सुरक्षा और प्रोटोकॉल के मानकों का पूर्णतः पालन करते हुए समय सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली जाएंगी।

Leave a Comment

Read More