
1.5 करोड़ की लागत से बन रहे नाले का विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन ने किया निरीक्षण, बारिश से पहले कार्य पूर्ण करने के निर्देश
सागर। विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन ने शिवाजी एवं तिली वार्ड में नगर निगम निधि से लगभग 1.5 करोड़ रुपए की लागत से निर्माणाधीन नाला निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। लगभग 4 मीटर चौड़े एवं 150 मीटर लंबे इस नाले का निर्माण क्षेत्र में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, बारिश के समय विश्वविद्यालय की घाटी एवं ऊपरी क्षेत्रों से आने वाले पानी के कारण स्टेट बैंक कॉलोनी, द्वारिका बिहार एवं आसपास की कॉलोनियों में जलभराव की गंभीर स्थिति उत्पन्न हो जाती थी। इस समस्या को लेकर स्थानीय रहवासियों ने विधायक जैन से निवेदन किया था, जिसके बाद उन्होंने अधिकारियों को समुचित योजना तैयार करने के निर्देश दिए थे।
उक्त निर्देशों के परिपालन में यह प्रोजेक्ट तैयार कर कार्य प्रारंभ किया गया। बुधवार को विधायक जैन ने स्थल पर पहुंचकर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बारिश से पूर्व कार्य को हर हाल में पूर्ण किया जाए, ताकि नागरिकों को राहत मिल सके।
निरीक्षण के दौरान विधायक जैन ने कहा कि इस नाले के निर्माण से क्षेत्र की एक बड़ी समस्या का समाधान होगा। हर वर्ष बारिश में जलभराव के कारण लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद स्थिति में सुधार आएगा और लोगों को राहत मिलेगी।
इस अवसर पर नगर निगम के उपयंत्री दिनकर शर्मा आयुष शुक्ला विनय मिश्रा रीतेश पांडे जी सहित स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।











