मुख्यमंत्री के आगमन को ऐतिहासिक बनाने विधायक प्रदीप लारिया ने दिया समन्वय का मंत्र

मुख्यमंत्री के आगमन को ऐतिहासिक बनाने विधायक प्रदीप लारिया ने दिया समन्वय का मंत्र

(विभिन्न विभागों की संयुक्त बैठक में दिए आवश्यक दिशा-निर्देश)

नरयावली में मुख्यमंत्री जी के प्रस्तावित गौरवमयी आगमन को लेकर तैयारियां प्रारंभ हो गई हैं। इसी कड़ी में विधायक इंजी. प्रदीप प्रदीप लारिया ने मकरोनिया स्थित गणेश एंजोरा और नरयावली के सांदीपनि विद्यालय में पृथक-पृथक समन्वय बैठकें आहूत कर व्यवस्थाओं का सूक्ष्म अवलोकन किया। इन बैठकों का मुख्य उद्देश्य मुख्यमंत्री जी के आगामी कार्यक्रम को भव्य और व्यवस्थित स्वरूप प्रदान करना रहा, जिसमें विधायक श्री लारिया ने बेहतर सामंजस्य स्थापित करने पर बल दिया।

मकरोनिया में आयोजित बैठक के दौरान विधायक लारिया ने ब्लॉक सागर के अंतर्गत आने वाले महिला एवं बाल विकास विभाग (क्षेत्र सदर, मकरोनिया नगर एवं सागर ग्रामीण) के साथ-साथ स्वास्थ्य विभाग, आजीविका मिशन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायतों के सरपंचों, सचिवों और रोजगार सहायकों को निर्देशित किया कि वे मुख्यमंत्री  के आगमन की सूचना जन-जन तक पहुँचाएं और शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक सुनिश्चित करने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम की सफलता में मैदानी अमले की सजगता सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है।

वहीं, नरयावली के सांदीपनि विद्यालय में आयोजित दूसरी महत्वपूर्ण बैठक में विकासखंड राहतगढ़ के अंतर्गत शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और हाई/हायर सेकेंडरी स्कूलों के प्राचार्यों के साथ शैक्षणिक व्यवस्थाओं और कार्यक्रम में सहभागिता पर विमर्श किया गया। विधायक श्री लारिया ने यहाँ उपस्थित महिला बाल विकास की कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, स्वास्थ्य विभाग के अमले और स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जी का आगमन क्षेत्र के विकास को नई गति देने वाला होगा। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने अनुरोध किया ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो। बैठकों के अंत में विधायक ने संबंधित अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए, जिससे नरयावली की धरा पर होने वाला यह आयोजन ऐतिहासिक बन सके।
इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारी और अधिकारी- कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Comment

Read More