
प्रदेश टॉपर से सीएम ने की सीधी बात — वीडियो कॉल पर दी बधाई, मेहनत की मिसाल बनीं पन्ना की प्रतिभा
मध्यप्रदेश में इस साल की हाई स्कूल बोर्ड परीक्षा में एक नई सफलता की कहानी सामने आई है। पन्ना जिले की छात्रा कुमारी प्रतिभा सिंह ने पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल कर इतिहास रच दिया। इस शानदार उपलब्धि पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्वयं वीडियो कॉल के माध्यम से प्रतिभा को बधाई दी और उसका हौसला बढ़ाया।
मुख्यमंत्री ने न सिर्फ प्रतिभा से बातचीत की, बल्कि उसके परिवार से भी संवाद कर इस सफलता पर खुशी जाहिर की। प्रतिभा के पिता भारतेंदु सिंह सोलंकी, जो जिले में रोजगार सहायक के पद पर कार्यरत हैं, और उनकी माता, जो शिक्षिका हैं—दोनों की मेहनत और मार्गदर्शन को भी मुख्यमंत्री ने सराहा।
बातचीत के दौरान प्रतिभा ने बताया कि उसने रोजाना 7 से 8 घंटे की नियमित पढ़ाई से यह मुकाम हासिल किया। उसका सपना प्रशासनिक सेवाओं में जाकर देश और समाज की सेवा करना है। मुख्यमंत्री ने उसकी इस सोच की सराहना करते हुए भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
यह उपलब्धि न सिर्फ पन्ना जिले, बल्कि पूरे मध्यप्रदेश के लिए गर्व का क्षण है। प्रतिभा की सफलता यह साबित करती है कि लगन और मेहनत से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।











