
जल गंगा संवर्धन अभियान में सभी जल स्रोतों की साफ—सफाई के साथ पुनःजीवित करें
पानी बहुमूल्य है इसे रोकने प्रभावी कदम उठाएं
—कलेक्टर प्रतिभा पाल
सागर 16 अप्रैल 2026
जल गंगा संवर्धन अभियान में सभी जल स्रोतों की साफ सफाई के साथ पुनःजीवित करने का कार्य करे एवं पानी बहुमूल्य है इसे रोकने प्रभावी कदम उठाएं। उक्त निर्देश कलेक्टर कलेक्टर प्रतिभा पाल ने दिए।
कलेक्टर प्रतिभा पाल ने जिले में विभिन्न विभागों एवं जनसामान्य के सहयोग से संचालित किए जा रहे जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत निर्धारित उद्देश्यों की पूर्ति हेतु सभी संबंधित विभाग शासन के निर्देशों का अक्षरश: पालन करते हुए कार्य करें। उन्होंने जल गंगा संवर्धन अभियान की सफल क्रियान्वयन के लिए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालिका अधिकारी विवेक के वी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया।
कलेक्टर प्रतिभा पाल ने कहा कि जल संरक्षण और जल स्रोतों के संवर्धन के लिए चलाया जा रहा यह अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसमें सभी विभागों के साथ-साथ जनभागीदारी सुनिश्चित करना आवश्यक है, ताकि अभियान के उद्देश्य सफलतापूर्वक पूरे किए जा सकें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले में तालाबों, कुओं, बावड़ियों एवं अन्य जल स्रोतों के संरक्षण और साफ-सफाई के कार्य समयबद्ध रूप से किए जाएं। साथ ही वर्षा जल संचयन, जल संरचनाओं के संरक्षण और जल स्तर बढ़ाने के लिए व्यापक जनजागरूकता भी सुनिश्चित की जाए। जल गंगा संवर्धन अभियान को जनआंदोलन के रूप में संचालित किया जाए, जिससे अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित हो और जिले में जल संरक्षण के प्रयासों को मजबूती मिल सके।
कलेक्टर प्रतिभा पाल ने अभियान के लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए विभागवार संपादित किए जाने वाले कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने अभियान की पृष्ठभूमि को रेखांकित करते हुए कहा कि आने वाली पीढी को हम प्रचुर मात्रा के जल स्रोत विरासत में दें। जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत विभागीय कार्ययोजना के अंतर्गत जिन विभागो की कार्य योजनाओं को रेखांकित किया गया उनमें पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, नगरीय विकास विभाग, वन विभाग, जल संसाधन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, उद्यानिकी, किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग, औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन, सूक्ष्म लघु और मध्यम उद्यम विभाग, पर्यावरण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, राजस्व विभाग, जन अभियान परिषद, संस्कृति विभाग, जनसम्पर्क विभाग, कार्ययोजना क्रियान्वयन एवं मानिटरिंग अभियान से समाज का जुडाव और जनभागीदारी इत्यादि के दायित्वों को रेखांकित किया गया है। उन्होंने कहा कि जिले की सभी विद्यालयों की पानी की टंकी साफ करने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी अभियान चलाएं इसी प्रकार आंगनबाड़ियों में भी शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो इसके लिए भी कारगर उपाय करें। उन्होंने कहा कि वन विभाग जंगलों में पशुओं को पानी पीने के लिए भी प्रबंध करें। उन्होंने कहा कि चेक डैम, स्टाप डैम बनाने एवं पूर्व में तैयार हुए का जीर्णोद्धार करें।











