
नरयावली क्षेत्र के ग्राम मोठी में भीषण आग, किसानों को भारी नुकसान
सागर। नरयावली विधानसभा अंतर्गत ग्राम मोठी में गुरुवार को अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग मेहर नदी की ओर से बढ़ते हुए खेतों तक पहुंची और देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।
आग की चपेट में आकर मोठी फोरलेन के पास स्थित भाजपा सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के जिला मीडिया प्रभारी राहुल रजक के कुसुम कृषि फार्म (रजक परिवार) को भारी नुकसान हुआ। खेत में रखा भूसा, मकान में रखा घरेलू सामान सहित लगभग 60 से 70 पाइप जलकर पूरी तरह खाक हो गए।
घटना की सूचना फायर ब्रिगेड और बांदरी थाना प्रभारी को तत्काल दी गई, लेकिन फायर ब्रिगेड करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंची। तब तक आग ने काफी नुकसान कर दिया था। बाद में फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
ग्रामवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि समय पर राहत और मुआवजा प्रदान किया जाए, साथ ही आग लगने के कारणों की जांच कर उचित कार्रवाई की जाए।











