
कलेक्टर ने बंडा में लगाई रात्रि ग्राम चौपाल, सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, दिए आवश्यक निर्दे
लोकहितकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचे यही हमारी प्राथमिकता
शासन की योजनाओं का लाभ उठाकर अपनी आय बढ़ाएं और भविष्य की पीढ़ियों को सुरक्षित करें
- कलेक्टर प्रतिभा पाल
सागर 20 अप्रैल 2026
शासन की लोक हितकारी योजनाओं का लाभ समाज की अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक देना पहली प्राथमिकता। उक्त विचार कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने बंडा में रात्रि ग्राम चौपाल आयोजित करते हुए वक्त किए। कलेक्टर पाल ने सागर जिले की बंडा जनपद पंचायत के ग्राम कांटी में रात्रि चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याओं को प्रत्यक्ष रूप से सुना। जहाँ उन्होंने पेयजल, बिजली, सड़क, पेंशन, राजस्व, जैसी विषयों से जुड़ी शिकायतों का अवलोकन किया।
ग्राम चौपाल में प्राप्त ग्रामीणों के आवेदनों पर संवेदनशीलता पूर्वक विचार करते हुए उन्होंने उपस्थित संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें, ताकि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक बिना किसी विलंब के पहुँच सके। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए।
कलेक्टर प्रतिभा पाल ने सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा पर जोर देते हुए कहा कि आमजन शासन की योजनाओं का लाभ उठाकर अपनी आय बढ़ाएं और भविष्य की पीढ़ियों को सुरक्षित करें। उन्होंने धन के अर्जन के साथ-साथ उसके सही नियोजन का गणित भी समझाया। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि परिवार की प्राथमिकता बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य होनी चाहिए। उन्होंने नशामुक्ति को परिवार की उन्नति के लिए अनिवार्य बताया और सचेत किया कि यदि मुखिया नशा करता है, तो यह नशा की आदत पीढ़ी दर पीढ़ी आगे बढ़ती जाती है, इसलिए समाज में रोका-टोकी और टोका-टाकी की संस्कृति विकसित कर नशे को जड़ से मिटाएं। स्वयं भी नशा से दूर रहें और दूसरों को भी नशा से दूर रहने में मदद करें। इसी प्रकार अपने बच्चों पर भी नजर रखें कि वो भी किसी भी प्रकार के नशा की आदत में न पड़ें। साथ ही, उन्होंने वर्तमान युग में इंटरनेट के सुरक्षित और ज्ञानवर्धक उपयोग की आवश्यकता पर बल देते हुए अभिभावकों से बच्चों को सही-गलत का अंतर समझाने और उन्हें कुसंगति से बचाने का आह्वान किया।
रात्रि चौपाल में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विवेक के वी, एसडीएम आरती यादव सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण जन मौजूद थे।











