
संत कंवर राम वार्ड में 60 लाख की लागत से 5 गलियों का शिलान्यास, विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन,महापौर संगीता तिवारी, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार ने विकास कार्यों को दी गति
सागर। सागर विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन, नगर निगम महापौर संगीता तिवारी एवं नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार ने संत कंवर राम वार्ड में निगम निधि से लगभग 60 लाख रुपए की लागत से निर्मित होने वाली 5 गलियों का विधिवत शिलान्यास किया। इन गलियों में लहरवानी गली, गोस्वामी गली, आनंदपुर कुटिया गली, अनिल लालवानी गली एवं जनता कूल गली शामिल हैं।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन ने कहा कि सिंधी समाज के बीच पुरुष वर्ग की इतनी बड़ी उपस्थिति देखकर उन्हें अत्यंत प्रसन्नता हुई है, क्योंकि सामान्यतः सिंधी एवं जैन समाज के लोग दिनभर अपने व्यापार में व्यस्त रहते हैं और सार्वजनिक कार्यक्रमों में कम ही नजर आते हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार सागर के समग्र विकास के लिए संकल्पित है और वार्डवासियों की हर मांग को पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। सड़क, नाली से लेकर बड़े सामुदायिक भवनों तक सभी आवश्यक निर्माण कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं।
विधायक जैन ने वार्डवासियों की मांग पर विधायक निधि से धर्मशाला के शेष निर्माण कार्य हेतु 10 लाख रुपए की राशि प्रदान करने की घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि सिंधी समाज के युवाओं के लिए एक छोटा कवर मिनी स्पोर्ट्स सेंटर बनाकर देता हूं, ताकि वे कार्य के बाद खेल गतिविधियों में भाग लेकर स्वास्थ्य लाभ ले सकें और बच्चे भी मोबाइल एवं वीडियो गेम से दूर रहकर खेल के मैदान से जुड़ सकें।
महापौर संगीता तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि नगर निगम सागर के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और सभी जनप्रतिनिधि मिलकर शहर को बेहतर बनाने के लिए कार्य कर रहे हैं। वहीं नगर निगम अध्यक्ष श्री वृंदावन अहिरवार ने शहर में हो रहे विकास कार्यों की प्रगति से अवगत कराते हुए मुख्यमंत्री एवं विधायक द्वारा कराए जा रहे कार्यों को अभूतपूर्व बताया।
इस अवसर पर पार्षद रोमा कैलाश हसानी, सुरेश हसरेजा, कैलाश हसानी, चंदू बुधवानी, अशोक सुंदरानी, माधोमल हसरेजा, धर्मदास लालवानी, कन्हैयालाल कटारिया, किशोर नागवानी, अविनाश गंगवानी, अनिल सुंदरानी, अनिल लालवानी, शंकुलता तलरेजा, कोमल, कंचन, दीपा खत्री, सीमा श्यामणनी सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।











