
सागर में भाजपा की ‘जन आक्रोश महिला पदयात्रा’, चकराघाट से तीन बत्ती तक निकलेगा विरोध मार्च
सागर। ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ से जुड़े संशोधन प्रस्ताव के संसद में पारित नहीं होने के विरोध में आज सागर में भारतीय जनता पार्टी द्वारा “जन आक्रोश महिला पदयात्रा” का आयोजन किया जाएगा।
जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि पदयात्रा आज शाम 4:30 बजे चकराघाट से प्रारंभ होगी, जो कोतवाली और पुत्रीशाला मार्ग से होते हुए तीन बत्ती पहुंचेगी,जहां इसका समापन किया जाएगा। पदयात्रा के पूर्व कार्यकर्ताओं एवं प्रतिभागियों का एकत्रीकरण चकराघाट पर होगा जहाँ आक्रोश सभा का आयोजन भी किया जाएगा।
इस पदयात्रा में भाजपा के साथ विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक संगठनों एवं स्वयंसेवी संस्थाओं की महिला पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में शामिल होकर अपना विरोध दर्ज करेंगी।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी, कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, सांसद डॉ. लता वानखेड़े, पूर्व मंत्री एवं विधायक भूपेंद्र सिंह, विधायक शैलेंद्र कुमार जैन, विधायक इंजी. प्रदीप लारिया, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, महापौर संगीता तिवारी, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष संध्या भार्गव सहित पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे।










