
रमझिरिया सरस्वती शिशु मंदिर में प्रतिभावान छात्रों का सम्मान, विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने की 10 लाख की राशि की घोषणा
सागर। सरस्वती शिशु मंदिर, रमझिरिया में बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान छात्रों का सम्मान समारोह एवं प्राचार्य सुरेंद्र जैन का विदाई समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर विधायक शैलेंद्र कुमार जैन रहे।
कार्यक्रम में विद्यालय समिति के सचिव प्रदीप शुक्ला, प्राचार्य हरिराम प्रजापति, सदस्य सुधीर सत्संगी, रामबाबू पाराशर सहित नगर के विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य, संस्था सहयोगी, परशुराम कल्याण बोर्ड के जिला प्रभारी मधुसूदन खेमरिया, विभाग समन्वयक सुरेंद्र जैन, एकता खेमरिया, कु. रिषिका रजक सहित विद्यालय परिवार, अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने प्रतिभावान छात्रों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि सरस्वती शिशु मंदिर रमझिरिया निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है और यहां के विद्यार्थियों में उत्कृष्ट संस्कारों का विकास हो रहा है, जो उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव है। विद्यालय की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए उन्होंने विधायक निधि से 10 लाख रुपये की राशि स्वीकृत करने की घोषणा की तथा आचार्य परिवार के समर्पण और मेहनत की सराहना की।
विदाई समारोह में पूर्व प्राचार्य सुरेंद्र जैन ने अपने उद्गार व्यक्त करते हुए विद्यालय की निरंतर उन्नति की कामना की और कहा कि उनका सहयोग हमेशा संस्था के साथ बना रहेगा। उन्होंने विधायक से अपेक्षा व्यक्त की कि रमझिरिया सहित शहर के सभी शिशु मंदिरों को इसी प्रकार सहयोग मिलता रहे।
कार्यक्रम के अंत में अभिभावकों की उपस्थिति में सभी प्रतिभावान छात्रों को सम्मानित किया गया तथा सफल आयोजन के लिए विद्यालय परिवार की सराहना की गई।











