
क्रेशर खदान में नहाते समय 3 युवक डूबे, CM मोहन यादव ने 4-4 लाख मुआवजे का किया ऐलान
सागर। जिले के बहेरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गुड़ा के पास स्थित क्रेशर की खदान में नहाते समय तीन युवक डूब गए। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। साथियों ने युवकों को डूबते देखा तो उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
रेस्क्यू के लिए एसडीआरएफ टीम को भी बुलाया गया। टीम द्वारा देर रात तक सर्चिंग अभियान चलाया गया, जिसमें अब तक एक युवक का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।
मृतक की पहचान अभिषेक उर्फ अध्धा (20) निवासी कैंट क्षेत्र के रूप में हुई है। वहीं, उसके साथी तनिश कोरी (19) और तेजराम पटेल (20) अभी भी लापता हैं। बताया जा रहा है कि घटना के समय चार युवक खदान पर मौजूद थे, जिनमें से तीन पानी में डूब गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक प्रदीप लारिया भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
प्रत्यक्षदर्शी ने बताई घटना की पूरी कहानी
प्रत्यक्षदर्शी शिवा वाल्मिकी के अनुसार, “करीब 12:30 बजे हम लोग खदान पर पहुंचे थे और नहाने लगे। कुछ देर बाद तनिश पानी में डूबने लगा, जिसे बचाने के लिए अभिषेक कूद गया। इसके बाद तेजराम भी बचाने गया, लेकिन वह भी डूबने लगा। आयुष भी मदद के लिए गया, जिसे हम लोगों ने किसी तरह पैंट के सहारे बाहर निकाल लिया। जब तक हम अन्य लोगों को बुलाने गए, तीनों पानी में समा चुके थे।”
मुख्यमंत्री ने किया मुआवजे का ऐलान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है।
Byte: राहुल गोंड, तहसीलदार
Byte: प्रत्यक्षदर्शी











