
भाजपा प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट रिशांक तिवारी ने सांसद डॉ. लता वानखेड़े से की शिष्टाचार भेंट
नई जिम्मेदारी के निर्वहन हेतु लिया मार्गदर्शन, संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने का जताया संकल्प
सागर। भारतीय जनता पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता एवं सामाजिक सरोकारों से निरंतर जुड़े रहने वाले रिशांक तिवारी को हाल ही में भाजपा प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट के रूप में महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है। इस नई जिम्मेदारी के उपरांत उन्होंने सागर की सांसद एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. लता वानखेड़े से शिष्टाचार भेंट कर उनका आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया।
इस अवसर पर रिशांक तिवारी ने संगठन द्वारा प्रदत्त दायित्व के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे पार्टी की नीतियों, विचारधारा एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुँचाने के लिए पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि मीडिया पैनलिस्ट के रूप में उनकी प्राथमिकता संगठन के पक्ष को सशक्त रूप से प्रस्तुत करना तथा समाज के सकारात्मक विषयों को प्रमुखता से सामने लाना रहेगा।
वहीं, डॉ. लता वानखेड़े ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास व्यक्त किया है, उस पर खरा उतरना उनका दायित्व है। उन्होंने मार्गदर्शन देते हुए कहा कि वर्तमान समय में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, ऐसे में संयम, तथ्यपरकता एवं प्रभावी संवाद के माध्यम से संगठन की बात रखना आवश्यक है।
भेंट के दौरान संगठनात्मक गतिविधियों, नारी शक्ति अधिनियम तथा शासन की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं को जन-जन तक प्रभावी रूप से पहुँचाने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी विचार-विमर्श किया गया। यह मुलाकात संगठन को और सुदृढ़ करने तथा आपसी समन्वय को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
इस अवसर पर निष्कर्ष दुबे एवं नमन चौबे भी उपस्थित रहे।











