
सागर में स्टेट ओपन एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 का सफल आयोजन, विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने खिलाड़ियों का किया सम्मान
सागर। जिले में स्टेट ओपन एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 का भव्य आयोजन बीपीसीएल बीना रिफाइनरी प्रोजेक्ट ‘लक्ष्य’ के खेल परिसर में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। प्रदेश भर से आए प्रतिभावान खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
जिले के खेल परिसर में आयोजित मध्यप्रदेश स्टेट ओपन एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ संपन्न हुआ। इस प्रतियोगिता में बालक एवं बालिका वर्ग के अंडर-14, अंडर-16 एवं अंडर-18 आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक शैलेंद्र कुमार जैन उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिक निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार ने की। समारोह के दौरान विधायक जैन ने विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने कहा कि खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं, जो न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि खेलों से अनुशासन, समर्पण और टीम भावना का विकास होता है, जो जीवन के हर क्षेत्र में सफलता दिलाने में सहायक है। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास करते हुए उच्च स्तर तक पहुंचने और प्रदेश व देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में बीपीसीएल प्रबंधन की ओर से सचिन देशकर (जीएम), साईन चटर्जी, आनंद विश्वकर्मा (अध्यक्ष जिला कुश्ती संघ), हरिओम मिश्रा एवं सत्यजीत सिंह सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
प्रदेश स्तरीय इस चैंपियनशिप में तकनीकी निर्णायक मंडल में मंगल यादव एवं संगीत भदौरिया ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं आयोजन समिति की ओर से धर्मेंद्र सिंह, हर्ष सिंह, श्वेता सिंह, जफर खान, विनोद रजक सहित सभी टीमों के कोच, मैनेजर एवं प्रदेश भर से आए खिलाड़ियों की सक्रिय सहभागिता रही।
इस सफल आयोजन ने सागर जिले को खेल गतिविधियों के क्षेत्र में एक नई पहचान दिलाई है और भविष्य में ऐसे आयोजनों के लिए प्रेरणा प्रदान की है।











