
महाराष्ट्र से नाबालिग बालिका सकुशल बरामद, सागर पुलिस की त्वरित कार्रवाई
साइबर तकनीक और सतत प्रयासों से मिली सफलता, औरंगाबाद से खोजकर परिजनों को सौंपा सुरक्षित
सागर जिले की आगासौद थाना एवं मंडीबामोरा चौकी पुलिस ने नाबालिग बालिका की गुमशुदगी के मामले में तेज़ और प्रभावी कार्रवाई करते हुए उसे सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। यह कार्रवाई पुलिस की तकनीकी दक्षता और तत्परता का उत्कृष्ट उदाहरण मानी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, 17 अप्रैल 2026 को एक फरियादी ने अपनी नाबालिग पुत्री के 16 अप्रैल से लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल अपराध क्रमांक 72/26 धारा 137(2) BNS के तहत प्रकरण दर्ज कर विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने लगातार पतारसी, मुखबिर तंत्र और साइबर सेल की मदद से जांच को आगे बढ़ाया। तकनीकी विश्लेषण के आधार पर बालिका के महाराष्ट्र के औरंगाबाद जिले में होने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए लंबी दूरी तय कर वहां पहुंचकर स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय स्थापित किया और बालिका को सुरक्षित बरामद किया।
बरामदगी के बाद महिला अधिकारी की उपस्थिति में बालिका के बयान दर्ज कराए गए और न्यायालय में धारा 183 BNSS के तहत विधिवत प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद बालिका को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
इस सफल अभियान में उप निरीक्षक प्रदीप कुमार जाटव, उप निरीक्षक आरकेएस चौहान, प्रधान आरक्षक सुशील सिंह, आरक्षक गजेंद्र, महिला आरक्षक साक्षी कोरी, प्रधान आरक्षक सौरभ रैकवार एवं साइबर सेल के हेमंत ठाकुर का विशेष योगदान रहा।
परिजनों ने पुलिस की इस कार्रवाई के लिए आभार व्यक्त किया है। सागर पुलिस ने एक बार फिर साबित किया है कि वह आमजन की सुरक्षा और सहायता के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।











