
सागर पुलिस की तत्परता: 3 दिन में मिला युवती का ‘भविष्य’, महत्वपूर्ण दस्तावेजों से भरा बैग किया बरामद
सीसीटीवी, सोशल मीडिया और पुलिस समन्वय से मिली सफलता, भावुक होकर युवती ने जताया आभार
समाचार:
सागर, 29 अप्रैल 2026।
जिला सागर पुलिस ने एक बार फिर अपनी सक्रियता, संवेदनशीलता और तकनीकी दक्षता का उत्कृष्ट उदाहरण पेश किया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक युवती का महत्वपूर्ण दस्तावेजों से भरा बैग मात्र तीन दिनों में ढूंढकर सुरक्षित वापस दिलाया गया। यह बैग उसके करियर और भविष्य से सीधे जुड़ा हुआ था।
प्राची रजक, निवासी गायत्री नगर मकरोनिया, जो टाटा AIA लाइफ इंश्योरेंस में कार्यरत हैं, 27 अप्रैल को अपने घर से ऑफिस जाते समय मकरोनिया से ऑटो द्वारा राधा तिराहा पहुंचीं। जल्दबाजी में उतरते समय उनका बैग ऑटो में ही छूट गया, जिसका उन्हें तत्काल ध्यान नहीं रहा।
कुछ समय बाद बैग का ध्यान आने पर वह घबराई हुई स्थिति में पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचीं और बताया कि बैग में उनके ऑफिस के अत्यंत महत्वपूर्ण दस्तावेज हैं।
मामले की गंभीरता को समझते हुए उप निरीक्षक आरकेएस चौहान ने तत्काल अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार सिन्हा को अवगत कराया। उनके निर्देशन में सीसीटीवी फुटेज खंगालने का कार्य शुरू किया गया।
ट्रैफिक थाना की महिला प्रधान आरक्षक रेखा रजक सहित पुलिस टीम ने लगातार फुटेज खंगालते हुए प्राची को राधा तिराहा पर ऑटो से उतरते हुए चिन्हित किया। हालांकि वाहन का नंबर स्पष्ट नहीं हो पाया।
इसके बाद पुलिस ने ऑटो की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल की और ऑटो चालकों व मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। लगातार तीन दिनों की मेहनत के बाद संबंधित ऑटो चालक की पहचान कर उसे कंट्रोल रूम बुलाया गया, जहां से प्राची का बैग सुरक्षित बरामद कर लिया गया। बैग में सभी दस्तावेज सुरक्षित पाए गए।
बैग वापस मिलने पर प्राची रजक भावुक हो गईं। उन्होंने सागर पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उनके जीवन की सबसे महत्वपूर्ण चीज थी, जिसे पुलिस ने वापस दिलाया।
इस पूरी कार्यवाही में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार सिन्हा के निर्देशन में सीसीटीवी कंट्रोल रूम, ट्रैफिक पुलिस एवं अन्य स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
सागर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में पुलिस पर भरोसा रखें—पुलिस हर समय सहायता के लिए तत्पर है।











