
बंगाल से सागर तक गूंजा विजय का उत्साह भाजपा की प्रचंड जीत पर पं. दीनदयाल चौक पर मनाया गया जीत का जश्न
बंगाल,असम और पांडिचेरी की जीत पर सागर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने झालमुड़ी खिलाकर ढोल-नगाड़ों के साथ मनाई खुशीयां
सागर। पश्चिम बंगाल, असम एवं पांडिचेरी में भारतीय जनता पार्टी को मिली प्रचंड जीत पर सागर में भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने जोरदार जश्न मनाया। पंडित दीनदयाल उपाध्याय चौक पर आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, विधायक शैलेंद्र कुमार जैन, जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी, महापौर संगीता तिवारी एवं नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नेताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इसके पश्चात बड़ी संख्या में उपस्थित कार्यकर्ताओं को झालमुड़ी खिलाकर तीनों राज्यों में मिली प्रचंड जीत की बधाई दी गई। कार्यक्रम में उत्साह का माहौल देखने को मिला। बैंड-बाजे की धुन पर कार्यकर्ताओं ने जमकर नृत्य किया और आतिशबाजी कर जीत की खुशियां मनाईं। “भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद” के नारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा।
कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने अहंकार और भ्रष्टाचार की राजनीति को नकारते हुए विकास, सुशासन और पारदर्शिता के पक्ष में अपना जनादेश दिया है। यह परिणाम उन ताकतों के लिए करारा जवाब है, जो वर्षों से जनता की भावनाओं और विश्वास के साथ खिलवाड़ करती रही हैं। यह जनादेश माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जी के कुशल नेतृत्व, उनकी नीतियों और जनकल्याण के प्रति प्रतिबद्धता पर जनता की मुहर है। बंगाल के साथ-साथ असम और पांडिचेरी की जनता ने भी यह स्पष्ट कर दिया है कि अब उसे भय, भ्रष्टाचार और अहंकार की राजनीति नहीं, बल्कि विकास और विश्वास की सरकार चाहिए।
यह जीत भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के सशक्त नेतृत्व पर करोड़ों देशवासियों के अटूट भरोसे का प्रतीक है।
विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन ने कहा कि पश्चिम बंगाल के जो परिणाम आए हैं, वे अपेक्षा के अनुरूप हैं। पश्चिम बंगाल की जनता पिछले लंबे समय से कुशासन के चक्र में फंसी हुई थी। ममता बनर्जी के शासन में बंगाल की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही थी। लेकिन अब पश्चिम बंगाल की जनता ने राष्ट्रभक्तों की सरकार को चुना है। हमें विश्वास है कि हम पुनः बंगाल को भारत के अभिन्न अंग के रूप में और अधिक सशक्त रूप से स्थापित कर पाएंगे। बंगाल में अब कुशासन का अंत हुआ है। वहां की सरकार जो ममता विहीन हो गई थी,अब वहां ममत्व वाली सरकार आएगी।बंगाल में भारतीय जनता पार्टी ने दो-तिहाई बहुमत के साथ इतिहास रचा है, जिसके लिए सभी को हार्दिक बधाई।
जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सुशासन एवं जनकल्याणकारी नीतियों तथा माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के सशक्त, दूरदर्शी और निर्णायक नेतृत्व पर आज पश्चिम बंगाल की जागरूक जनता ने पूर्ण विश्वास जताते हुए ऐतिहासिक बहुमत प्रदान किया है। यह जनादेश केवल एक चुनावी परिणाम नहीं, बल्कि विकास, पारदर्शिता और राष्ट्रहित की राजनीति के प्रति जनता की अटूट आस्था का प्रतीक है।
यह ऐतिहासिक जीत हमारे सैकड़ों कार्यकर्ताओं के त्याग, समर्पण और बलिदान के साथ-साथ लाखों कार्यकर्ताओं के दिन-रात के अथक परिश्रम, संघर्ष और संगठन के प्रति निष्ठा का परिणाम है। प्रत्येक कार्यकर्ता ने जिस प्रतिबद्धता और ऊर्जा के साथ कार्य किया है, वही इस सफलता की सबसे बड़ी ताकत है। यह विजय हमारे संगठन के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी के विचारों, उनके राष्ट्रवाद और अखंड भारत के संकल्प को सच्ची श्रद्धांजलि है। यह उनके सपनों के भारत को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक कदम है। पश्चिम बंगाल के साथ-साथ असम तथा पांडिचेरी के सभी मतदाताओं का हम हृदय से आभार व्यक्त करते हैं, जिन्होंने लोकतंत्र के इस महापर्व में भाग लेकर विकास और विश्वास की राजनीति को अपना समर्थन दिया। हम सभी कार्यकर्ताओं को इस ऐतिहासिक सफलता के लिए हार्दिक बधाई देते हैं और यह संकल्प लेते हैं कि जनता के इस विश्वास पर खरा उतरते हुए हम सेवा, समर्पण और विकास के मार्ग पर और अधिक दृढ़ता से आगे बढ़ेंगे।
महापौर संगीता तिवारी एवं नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार ने भी पार्टी पदाधिकारी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए मतदाताओं का आभार व्यक्त किया।
जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन ने बताया कि कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता,जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल पदाधिकारी, पार्षद, मोर्चा एवं प्रकोष्ठ पदाधिकारी, शक्ति केंद्र संयोजक, बूथ अध्यक्ष, मातृशक्ति एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।











