
पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 15 पेटी अवैध शराब सहित कार जब्त, ₹90 हजार की शराब बरामद, इनामी आरोपी गिरफ्तार
सागर। जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना राहतगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 पेटी अवैध शराब के साथ एक इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शराब परिवहन में प्रयुक्त कार भी जब्त की है। बरामद शराब की कुल कीमत लगभग ₹90 हजार बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी राहतगढ़ योगेन्द्र सिंह भदौरिया के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 4 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम झिला के आम रोड पर एक आर्टिका कार क्रमांक MP15 CB 0861 में अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना राहतगढ़ पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान कार से 15 पेटी लाल मसाला शराब, कुल 740 पाव बरामद किए गए। पुलिस ने मौके से वाहन सहित शराब जब्त कर ली।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गज्जू उर्फ गजेन्द्र पिता पप्पू आठ्या (32) निवासी बाहुबली कॉलोनी, सागर के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में कई अपराध दर्ज हैं और वह लंबे समय से फरार चल रहा था। उस पर थाना गोपालगंज एवं थाना सुरखी से ₹1000-₹1000 का इनाम घोषित था।
इस मामले में थाना राहतगढ़ में अपराध क्रमांक 210/2026 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी मुकेश सिंह, प्रधान आरक्षक रमेश, रणवीर, ऋषि चौबे तथा आरक्षक देवेश एवं चालक अजय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से अवैध शराब तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगेगा और क्षेत्र में कानून व्यवस्था और मजबूत होगी।











