
कलेक्टर ने केसली में जनगणना एवं मकान सूचीकरण कार्य का किया निरीक्षण
कलेक्टर ने अपने सामने करवाया जनगणना कार्य, प्रगणक की देखी कार्यप्रणाली
जनगणना प्रक्रिया को गुणवत्तापूर्ण एवं समयसीमा में पूर्ण करने के दिए निर्देश
सागर 05 मई 2026
कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी प्रतिभा पाल ने केसली क्षेत्र का भ्रमण कर ग्राम केसली स्थित मंगल भवन के पास 1-एचएलबी क्षेत्र 124 में चल रहे मकान सूचीकरण एवं मकान गणना कार्य का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने प्रगणकों द्वारा किए जा रहे डेटा संकलन की प्रक्रिया की विस्तार से समीक्षा करते हुए कार्य की प्रगति का अवलोकन किया। इस दौरान कलेक्टर ने मौके पर स्वयं अपने सामने प्रगणक से मकान गणना कार्य करवाकर उसकी कार्यप्रणाली और डेटा प्रविष्टि प्रक्रिया का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर पाल ने घर-घर जाकर की जा रही गणना प्रक्रिया की जानकारी ली तथा कार्य की गुणवत्ता और गति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि जनगणना कार्य को पूर्ण गंभीरता, पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाए, ताकि कोई भी घर, परिवार या व्यक्ति गणना से वंचित न रहे।
कलेक्टर पाल ने मकान सूचीकरण कार्य में आधुनिक डिजिटल तकनीक के प्रभावी उपयोग पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रगणक मोबाइल ऐप के माध्यम से सभी जानकारी को सटीक रूप से दर्ज करें तथा डेटा की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। साथ ही उन्होंने पर्यवेक्षकों को नियमित रूप से फील्ड मॉनिटरिंग कर कार्य की सतत समीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर पाल ने बताया कि भारत सरकार के निर्देशानुसार जनगणना 2027 के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं गणना का कार्य 1 मई से 30 मई 2026 तक संचालित किया जा रहा है। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे प्रगणकों को सही जानकारी देकर इस महाअभियान में सक्रिय सहयोग करें, ताकि जनगणना कार्य सफलतापूर्वक, पारदर्शी एवं सटीक रूप से पूर्ण किया जा सके।











