
याचिका एवं अभ्यावेदन समिति की बैठक संपन्न
भोपाल, दिनांक 06 मई 2026 :
मध्यप्रदेश विधानसभा की याचिका एवं अभ्यावेदन समिति की प्रथम बैठक विधानसभा भवन स्थित समिति कक्ष क्रमांक-07 में संपन्न हुई।
बैठक की अध्यक्षता समिति के सभापति एवं नरयावली विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया द्वारा की गई।
निर्धारित कार्यक्रमानुसार आयोजित बैठक में सर्वप्रथम समिति के माननीय सदस्यों का संक्षिप्त परिचय कराया गया, तत्पश्चात सभापति द्वारा उद्बोधन दिया गया। प्रमुख सचिव द्वारा समिति की कार्यप्रणाली के संबंध में परिचयात्मक जानकारी प्रस्तुत की गई।
बैठक के दौरान समिति के समक्ष प्राप्त याचिकाओं एवं अभ्यावेदनों से संबंधित विभागीय जानकारी पर विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया। विभिन्न प्रकरणों में संबंधित विभागों से प्राप्त प्रतिवेदनों एवं तथ्यात्मक जानकारी का परीक्षण किया गया तथा आगामी कार्ययोजना की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई।
सभापति श्री लारिया ने निर्देश दिए कि याचिकाओं एवं अभ्यावेदनों के निराकरण में पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही करते हुए अद्यतन जानकारी शीघ्र समिति के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
बैठक में समिति के माननीय सदस्यगण एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।











