मोतीनगर पुलिस की बड़ी कामयाबी: चोरी गया ई-ऑटो बरामद, शातिर आरोपी गिरफ्तार

मोतीनगर पुलिस की बड़ी कामयाबी: चोरी गया ई-ऑटो बरामद, शातिर आरोपी गिरफ्तार
सागर जिले के थाना मोतीनगर पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी गया ई-ऑटो बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लगभग ₹5.30 लाख कीमत का ई-ऑटो जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार 5 मई 2026 को सूबेदार वार्ड निवासी राहुल रजक ने थाना मोतीनगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसका ई-ऑटो क्रमांक MP 15 ZN 1951 भाग्योदय अस्पताल के पास से चोरी हो गया है। चालक चन्द्रशेखर रजक वाहन खड़ा कर फुटकर पैसे कराने गया था, तभी अज्ञात व्यक्ति ई-ऑटो लेकर फरार हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच, मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने अन्नू उर्फ अनिल अहिरवार (32) निवासी संत रविदास वार्ड, मोतीनगर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। उसके कब्जे से चोरी गया ई-ऑटो बरामद कर जब्त कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। वर्ष 2023 में हत्या के मामले में उसे 14 वर्ष के कारावास की सजा हो चुकी है और वर्तमान में वह जमानत पर बाहर था।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत सहित प्रधान आरक्षक शोऐब, अजय, नदीम और आरक्षक राहुल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
मोतीनगर पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरी की घटना का सफल खुलासा हुआ है। सागर पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।

Leave a Comment

Read More