
पूर्व मंत्री सुरेन्द्र चौधरी ने खरीदी केंद्रों की जानी हकीकत।
स्व-सहायता समूहों के नाम पर अनाधिकृत लोगों द्वारा की जा रही खरीदी।
नियम विरुद्ध संचालित खरीदी केंद्रों एवं अनियमितताओं की हो उच्च स्तरीय जांच……. सुरेन्द्र चौधरी
सागर। समर्थन मूल्य पर खरीदी हेतु संचालित खरीदी केंद्रों पर नियम विरुद्ध खरीदी एवं गम्भीर अनियमितताओं की लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मध्यप्रदेश शासन के पूर्व मंत्री सुरेन्द्र चौधरी ने शनिवार को विभिन्न खरीदी केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति की हकीकत जानी।इस दौरान पूर्व मंत्री सुरेन्द्र चौधरी ग्राम जरारा स्थित यादव वेयरहाउस पहुंचे,जहां श्रद्धा स्व-सहायता समूह नरयावली के नाम से खरीदी केंद्र संचालित किया जा रहा था। केंद्र पर स्व-सहायता समूह की कोई भी महिला पदाधिकारी या सदस्य उपस्थित नहीं मिली। केंद्र का संचालन एवं खरीदी कार्य अनाधिकृत व्यक्तियों द्वारा किया जाता पाया गया,जो शासन की मंशा एवं नियमों के विपरीत है। श्री चौधरी ने कहा कि खरीदी केंद्र पर किसानों की उपज की तुलाई के बाद बारदानों पर लगाए जाने वाले टैग में किसान कोड अंकित नहीं किया जा रहा था, जबकि यह प्रक्रिया पारदर्शिता एवं रिकॉर्ड संधारण के लिए अनिवार्य है। इसके अतिरिक्त शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रत्येक खरीदी केंद्र पर किसानों की सुविधा हेतु कम से कम 6 कांटे उपलब्ध होना आवश्यक है, लेकिन उक्त केंद्र पर मात्र एक कांटे से तुलाई की जा रही थी, जिससे किसानों को घंटों इंतजार और अनेकों परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। उन्होंने कहा कि खरीदी केंद्र पर आवश्यक सूचना बोर्ड भी प्रदर्शित नहीं किया गया था तथा किसानों की शिकायतें एवं सुझाव दर्ज करने के लिए शिकायत एवं सुझाव पुस्तिका भी उपलब्ध नहीं थी। कई किसानों ने खरीदी केंद्र पर अव्यवस्थित व्यवस्था, देरी से तुलाई एवं कर्मचारियों के असहयोगात्मक रवैये की शिकायत भी पूर्व मंत्री के समक्ष रखी।पूर्व मंत्री सुरेन्द्र चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों को सुविधाएं उपलब्ध कराने के बड़े-बड़े दावे कर रही है लेकिन जमीनी स्तर पर खरीदी केंद्रों की स्थिति अत्यंत चिंताजनक है। किसानों को समय पर तुलाई, उचित व्यवस्था एवं पारदर्शी खरीदी प्रक्रिया उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि खरीदी केंद्रों पर नियमों की अनदेखी कर मनमानी तरीके से कार्य किया जा रहा है जिससे किसानों में भारी आक्रोश व्याप्त है।चौधरी ने मांग की हैं कि खरीदी केंद्रों पर व्याप्त अनियमितताओं, स्व-सहायता समूहों के नाम पर अनाधिकृत संचालन आदि की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाए। साथ ही संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय की जाए।उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ और खरीदी व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया,तो कांग्रेस पार्टी किसानों के हित में सड़को पर उतरनें को बाध्य होगी जिसका सम्पूर्ण उत्तरदायित्व शासन एवं प्रशासन का होगा। इस दौरान पूर्व मंत्री श्री चौधरी के साथ पूर्व सरपंच शरद राजा सेन,युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अशरफ खान, अनिल कुर्मी,राघवेंद्र सिंह,अजय चौधरी आदि मौजूद थे।











