
बीकेपी कॉलेज देवरी में परख पुरुस्कार वितरण समारोह का हुआ भव्य आयोजन
लगभग 600 से अधिक विद्यार्थी हुए सम्मानित
सागर देवरी- पंडित बृजकिशोर पटेरिया शिक्षा महाविद्यालय देवरी में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी परख पुरुस्कार वितरण समारोह का आयोजन हुआ जिसमें लगभग 600 से अधिक छात्र छात्राओं को सम्मानित किया गया। गौरतलब है कि बीकेपी कॉलेज द्वारा विगत 17 वर्षों से लगातार विधानसभा स्तरीय पुरुस्कार वितरण कार्यक्रम आयोजित होते आ रहा है जिसमें देवरी, केसली एवं आसपास के समस्त शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के मेधावी छात्र छात्राओं को सम्मानित कर उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजेश यादव जी रहे। व विशिष्ट अतिथि मे विकासखंड शिक्षा अधिकारी BEO देवरी शुभांक गुप्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के अध्यक्ष अवनीश मिश्रा रहे व कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत सरस्वती पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई जिसमें महाविद्यालय की होनहार छात्राओं शांभवी पांडे, सांत्वना पांडे एवं खुशी दांगी ने सरस्वती वंदना कर संपूर्ण परिसर में सकारात्मकता का संचार करते हुए लोगों का मन मोह लिया। महाविद्यालय के संचालक डॉ अवनीश मिश्रा एवं श्रीमती विवेचना मिश्रा द्वारा अतिथियों को स्मृति चिन्ह एवं पुष्प गुच्छ सम्मान स्वरूप भेंट किए गए। इसी क्रम में महाविद्यालय की मेधावी छात्राओं ने महाविद्यालय कुलगान “हम बीकेपी के बच्चे, जग का कल्याण करें” की प्रस्तुति दी। बताते चलें कि इस वर्ष महाराजा छत्रसाल बुंदेलखंड विश्वविद्यालय छतरपुर में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की प्रवीण्य सूची में बीकेपी कॉलेज से चार छात्राओं कु हर्षिता दांगी, कु जय तिवारी, कु प्रगति नेमा एवं कु साक्षी राजपूत का चयन हुआ था, जिन्हें राज्यपाल द्वारा सम्मानित किया गया था। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने इन छात्राओं को भी स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित करते हुए महाविद्यालय की इस स्वर्णिम बानगी की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
डॉ श्री अवनीश मिश्रा के स्वागत भाषण के पश्चात कार्यक्रम में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए BEO श्री शुभांक गुप्ता ने छात्र छात्राओं को शिक्षा के माध्यम से सफलता के सोपान गढ़ते जाने के गुर सिखाए। इसी क्रम में आस एक उम्मीद सामाजिक संस्था के अध्यक्ष श्री संजय बृजपुरिया जी ने अपने ओजपूर्ण एवं सारगर्भित उद्बोधन के माध्यम से विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। मुख्य अतिथि जिला एवं सत्र न्यायाधीश जबलपुर श्री राजेश यादव जी ने बीकेपी ग्रुप के इंफ्रास्ट्रक्चर एवं परीक्षा परिणामों की सराहना करते हुए कहा कि बीकेपी कॉलेज में विभिन्न गुणवत्तापूर्ण पाठ्यक्रम एक ही छत के नीचे मौजूद हैं, अब यहां के छात्रों को अध्ययन हेतु घर छोड़कर कहीं बाहर जाने की आवश्यकता नहीं है। कार्यक्रम को महाविद्यालय की संचालिका श्रीमती विवेचना मिश्रा, श्रीमती प्रतिभा पांडेय, राजेश्वरी यादव सहायक प्राध्यापक बंडा, बीकेपी कॉलेज मालथोन के संचालक आशीष पटेरिया आदि ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन पं. श्री शिवम शर्मा ने किया। इसी दौरान बीकेपी कॉलेज की छात्राओं स्वेच्छा पटेल एवं उन्नति खरे ने एक सांस्कृतिक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति देते हुए खूब तालियां बटोरी।
“प्रतिभा आपकी, परख हमारी” ध्येय वाक्य को दृष्टिगत रखते हुए क्षेत्र के प्रत्येक विद्यालय से कक्षा बारहवीं में संकायवार प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले 54 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। तत्पश्चात बीकेपी कॉलेज द्वारा आयोजित परख सामान्य ज्ञान परीक्षा में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के साथ सांत्वना पुरुस्कार वितरित किए गए। उल्लेखनीय है कि परख परीक्षा में प्रत्येक विद्यालय के प्रत्येक संकाय में दस विद्यार्थियों का चयन करते हुए प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार के साथ सात सांत्वना पुरुस्कार प्रदान किए जाते हैं।
इस कार्यक्रम में कक्षा बारहवीं में उत्तीर्ण हुए देवरी विधानसभा क्षेत्र के लगभग 600 से अधिक विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। छात्र छात्राओं की भीड़ से खचाखच भरे प्रांगण में विद्यार्थियों का उत्साह दर्शनीय था। कार्यक्रम का आभार व्यक्त करते हुए महाविद्यालय संचालक डॉ अवनीश मिश्रा ने कि क्षेत्र के तमाम विद्यार्थियों से हर संभव मदद करने की बात कही उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण का कार्य सिर्फ शिक्षा के माध्यम से ही संभव ही सकता है और बीकेपी कॉलेज क्षेत्र में शिक्षा की अलख जगाने के लिए दृढ़संकल्पित है।
कार्यक्रम में महाविद्यालय परिवार सहित बड़ी संख्या में छात्र छात्राएं, अभिभावक एवं पत्रकार बंधु उपस्थित थे।











